पटना: पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर ने पटना-गया रेलखंड की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के बाद नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया और पुल संख्या-21 के गार्डर तक पानी आने के बाद रेलवे को डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा।
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए डाउन लाइन को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इसके साथ ही 10 MEMU पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। पटना-गया और गया-पटना के साथ पटना-राजगीर रूट की कुछ लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
रेलवे ने लंबी दूरी की कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला लिया है। पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस को बख्तियारपुर-किऊल रूट से चलाया जा रहा है। धनबाद-पटना एक्सप्रेस बंधुआ, तिलैया, इस्लामपुर और फतुहा के रास्ते पटना पहुंचेगी।
बनारस-राजगीर एक्सप्रेस को डीडीयू-बक्सर-आरा के रास्ते डायवर्ट किया गया है। डाउन लाइन बंद होने के कारण फिलहाल अप लाइन से ट्रेनों को निकाला जा रहा है, लेकिन पानी के दबाव के चलते उनकी गति भी नियंत्रित रखी गई है।
इसका असर ट्रेन की टाइमिंग पर भी पड़ा है। पटना-गया रेलखंड पर चलने वाली कई ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। रेलवे ने स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष कंट्रोल वॉर रूम बनाया है और इंजीनियरिंग टीम पुल संख्या-21 की लगातार निगरानी कर रही है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जलस्तर में कमी आने के बाद तकनीकी टीम पुल की सुरक्षा का आकलन करेगी। ‘सर्टिफिकेट ऑफ सेफ्टी’ मिलने के बाद ही डाउन लाइन पर परिचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले 139 रेल मदद हेल्पलाइन पर अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति जरूर जांच लें।
