Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पिता शिबू सोरेन के दशकर्म में हेमंत सोरेन ने निभाया पुत्र धर्म, बड़े बाल और दाढ़ी त्यागकर मुंडाया सिर

hemant soren

hemant soren

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) इन दिनों राजधानी रांची से दूर रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के पैतृक गांव नेमरा में रहकर पिता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत अंतिम संस्कार संबंधी विधियां पूरी कर रहे हैं। शिबू सोरेन का 4 अगस्त को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हुआ था।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने पिता को मुखाग्नि देने के बाद 15 अगस्त को दशकर्म की विधि संपन्न की और परंपरा के अनुसार बड़े बाल और दाढ़ी त्यागकर सिर मुंडाया। अब 16 अगस्त को संस्कार भोज का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजन

नेमरा गांव में परिजनों, रिश्तेदारों और दूर-दराज से आए ग्रामीणों की मदद से सभी संस्कार किए जा रहे हैं। सीएम हेमंत (Hemant Soren) स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को यातायात, पेयजल, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और ठहरने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

गांव तक पहुंचाने के लिए 300 से अधिक ई-रिक्शा की व्यवस्था होगी। 3 बड़े पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां बायो-टॉयलेट भी लगाए गए हैं। पैदल श्रद्धालुओं के लिए छायादार शेड, विश्राम स्थल और पंडाल की व्यवस्था की गई है।

भोजन और सुरक्षा व्यवस्था

संस्कार भोज के लिए 3 विशाल पंडाल लगाए गए हैं, जहां एक साथ हजारों लोग बैठकर भोजन कर सकेंगे। भोजन में स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक प्रसाद परोसा जाएगा। स्वच्छता और सुचारू सेवा के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और रसोइए तैनात होंगे।

सुरक्षा के मद्देनजर धुमकुड़िया में पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। 10 आईपीएस, 60 डीएसपी, 65 इंस्पेक्टर और 2500 से अधिक पुलिस जवान सुरक्षा में रहेंगे। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपात सेवाओं के लिए टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी।

विशेष प्रदर्शनी और अतिथियों का आगमन

संस्कार भोज के मौके पर शिबू सोरेन के जीवन, संघर्ष, राजनीतिक योगदान और आदिवासी समाज के उत्थान में उनकी भूमिका को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी व स्मृति दीर्घा भी लगाई जाएगी। इसमें दुर्लभ तस्वीरें, दस्तावेज और उपलब्धियां प्रदर्शित होंगी।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, योग गुरु बाबा रामदेव, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, यूपी के मंत्री संजीव कुमार गोंड सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री या प्रतिनिधि शामिल होंगे। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वीवीआईपी आगंतुकों के लिए हेलीपैड का निर्माण किया गया है।

Exit mobile version