Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

एक्सप्रेसवे पर स्लीपर-बस पलटी, दरोगा समेत 7 की मौत; CM योगी ने जताया शोक

Horrific accident on Lucknow-Agra Expressway

Horrific accident on Lucknow-Agra Expressway

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा (Accident) हुआ। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी स्लीपर बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में बिहार पुलिस के एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) सहित सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन पुलिसकर्मियों समेत 24 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के वक्त बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद वह सड़क पर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जा रही इस डबल डेकर स्लीपर बस में कुल 52 यात्री सवार थे। सुबह के समय रफ्तार अत्यधिक होने के कारण चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस एक्सप्रेसवे पर बनी एक पुलिया से जोरदार तरीके से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोते हुए यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के करीब आधे घंटे बाद यूपीडा (UUPIDA) की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कटर की मदद से बस की बॉडी को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और राहत कार्य शुरू किया गया।

24 गंभीर घायल लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर:

हादसे (Accident) के बाद सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद, 24 यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने सभी सात मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्नाव के एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि घायलों में से कुछ की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस हादसे के तकनीकी कारणों, चालक को झपकी आने की आशंका और ओवरस्पीडिंग जैसे सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यक्त किया गहरा शोक:

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई इस बड़ी त्रासदी (Accident) का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत दुर्घटनास्थल और अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए हैं, ताकि राहत कार्यों की सीधे निगरानी की जा सके। साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के मुफ्त और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि मृतकों के आश्रितों को सरकार की तरफ से उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

हादसे में जान गंवाने वाले यात्री:

मृतकों में बिहार के सीवान में तैनात पुलिस उप-निरीक्षक (दरोगा) शिवचरन राम, गोरखपुर के मुंडेरा बाजार निवासी सुरेश कुमार जायसवाल, गोरखपुर के ही पीपीगंज निवासी विदेशी गुप्ता, बस्ती के कप्तानगंज निवासी विजय कुमार, पुलिस अभिरक्षा में जा रहा एक अज्ञात बंदी, एक अज्ञात महिला और एक अन्य अज्ञात यात्री शामिल हैं।

घायलों की विस्तृत सूची:

घायलों में बिहार (गया, जहानाबाद और शिकारपुर) के रहने वाले वसीम, रोहन और फरमान अंसारी शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, महाराजगंज और कुशीनगर जिलों के रहने वाले गोलू, विनय, अरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, अमरदीप, शाहिद अख्तर, सोम अली, विष्णु, अरविंद, राहुल, लेरब आलम, धीरज, गणेश दीक्षित, 12 वर्षीय मासूम आर्यन गुप्ता, परमजीत सिंह और उनकी पत्नी श्वेता यादव का इलाज लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। इसके अलावा, दिल्ली के श्याम विहार निवासी धनंजय भी घायलों में शामिल हैं।

Exit mobile version