अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के नजदीक शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा (Accident) हो गया। इस हादसे में माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर आगे चल रहे एक टिपर (डंपर) से अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी के अवशेष करीब 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए।
स्लिप रोड पर अचानक मुड़ने के कारण हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना नेशनल हाईवे पर उधोवाल अड्डे के पास हुई। हाईवे पर आगे चल रहे एक टिपर चालक ने अचानक अपने वाहन को स्लिप रोड की तरफ मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही टेंपो ट्रैवलर सीधे टिपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे का शिकार हुए सभी यात्री पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले हैं। ये सभी श्रद्धालु एक टूर कंपनी के जरिए पहले श्रीनगर घूमने गए थे और वहां से कटरा (जम्मू) पहुंचकर दो दिन तक माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। दर्शन करने के बाद वे रात करीब 10 बजे मानसा वापसी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें अमृतसर के रास्ते होते हुए तलवंडी साबो (बठिंडा) पहुंचना था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही वे इस हादसे का शिकार हो गए।
राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमें, चालक की हालत नाजुक
हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। इसके बाद पंजाब पुलिस और स्टेट स्पेशल फोर्स (SSF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित राहत कार्य शुरू किया। टक्कर के कारण टेंपो ट्रैवलर की छत पूरी तरह उखड़ गई थी और कई यात्री गाड़ी के मलबे के बीच ही फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षाबलों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस हादसे में एक पुरुष श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला यात्री ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सभी 14 घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल बटाला पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल, अमृतसर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, एक घायल यात्री के सिर पर गहरी चोट आई है और टेंपो ट्रैवलर के चालक की हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने टिपर चालक के खिलाफ शुरू की कानूनी कार्रवाई
एसएसएफ (SSF) चौकी इंचार्ज हरदयाल जौहल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुए दोनों वाहनों (टेंपो ट्रैवलर और टिपर) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। लापरवाही से वाहन चलाने और अचानक मोड़ने के आरोप में टिपर चालक के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
