लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार को एक के बाद एक हुई गोलीबारी की घटनाओं से सनसनी फैल गई। एक बैंककर्मी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और फिर बहन को गोली मार दी। दोनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान दिव्या मिश्रा और शीबा बाजपेई के रूप में हुई है। दिव्या ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी मानस उनका पति था।
फोन कर पत्नी को बैंक के बाहर बुलाया
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मानस ने दिव्या को फोन किया और उन्हें ICICI बैंक के बाहर बुलाया। दिव्या बैंक से बाहर आईं तो दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर पहुंचकर बहन को मारी गोली
दिव्या पर फायरिंग के बाद मानस सीधे अपने घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपनी बहन शीबा बाजपेई को गोली मार दी।
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पता चला कि मानस ने बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
तलाक की अर्जी से जुड़ा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले मानस से तलाक लेने के लिए अदालत में याचिका दाखिल की थी।
हालांकि, गोलीकांड के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और घटना से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
दुकान मालिक ने बताया- पसीने से भीगे पहुंचे थे मानस
मानस के हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान से जुड़े इलाके के एक फास्ट फूड दुकान संचालक लवकुश ने बताया कि करीब 12:30 बजे मानस वहां पहुंचे थे। उनके मुताबिक, मानस काफी पसीने से भीगे हुए थे और अंदर जाने के बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद अंदर से आवाज सुनाई दी। इसके बाद गोलीबारी की जानकारी सामने आई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मानस की बहन भी उसी के साथ रहती थीं।
फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड से पहले क्या हुआ था और आरोपी ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
