Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

आज नहीं तो कल बिहार में भाजपा का ही होगा मुख्यमंत्री : गिरिराज सिंह

Giriraj Singh

Giriraj Singh

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को 125 सीटों के साथ बहुमत मिला है। इस चुनाव में भाजपा राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। नतीजों से गदगद भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि समय आने पर राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा।
लोकतंत्र में बहुमत का खेल होता है

एक निजी चैनल से बातचीत में गिरिराज ने कहा कि लोकतंत्र में 51-49 का खेल होता है। इस चुनाव में हमने बहुमत का आंकड़ा पार किया है। कुछ लोग इस चुनाव के दौरान हम पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे थे, लेकिन आरोप लगाने वाले खुद अपना पिछला प्रदर्शन नहीं दोहरा पाए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सारा खेल बहुमत का होता है, जिसके पास बहुमत होता है वह सरकार का गठन करता है। भाजपा ने गुजरात में हुए उपचुनाव में जीत हासिल की है। पार्टी को यहां पर सभी आठ सीटों पर जीत मिली है।

आज नहीं तो कल बिहार में होगा भाजपा का सीएम

जब केंद्रीय मंत्री से यह पूछा गया कि राज्य में भाजपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में राज्य में क्या भाजपा का मुख्यमंत्री होगा? इसके जवाब में गिरिराज ने कहा कि जब समय आएगा तो बिहार में भाजपा का नेता मुख्यमंत्री बनेगा। आज नहीं तो कल राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री जरूर होगा।

नीतीश बिहार के सीएम बनेंगे तो उसकी वजह है शिवसेना, जानें इसके पीछे क्या है तर्क?

दिग्विजय के अमरबेल वाले बयान पर बोले गिरिराज

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भाजपा और संघ को अमरबेल बताने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह पहले अपना घर संभालें। जो लोग भाजपा को अमरबेल कह रहे हैं, उनका जल्द ही अंत हो जाएगा। बता दें कि, बुधवार सुबह दिग्विजय सिंह ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा व संघ अमरबेल के समान हैं, जिस पेड़ पर लिपट जाती हैं वह पेड़ सूख जाता है और वह पनप जाती है। नीतीश जी, लालू जी ने आपके साथ संघर्ष किया है आंदोलनों में जेल गए हैं। भाजपा व संघ की विचारधारा को छोड़ कर तेजस्वी को आशीर्वाद दे दीजिए। इस अमरबेल रूपी भाजपा व संघ को बिहार में मत पनपाओ।’

फ्री वैक्सीन का मजाक उड़ाने वालों को मिला जवाब

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी जी की अगुवाई में देश आगे बढ़ रहा है। कोरोना संकट के इस दौर में कोई भूखा नहीं मरा है। कुछ लोगों ने फ्री वैक्सीन को लेकर भाजपा का मजाक उड़ाया था, लेकिन चुनावी नतीजों से उन्हें जवाब मिला है। दुनिया ने कोरोना काल में पीएम मोदी के फैसले को सराहा है।

आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार तय

पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव जीतने को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा, अगले साल पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है। सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। इसका जवाब में उन्हें आने वाले चुनाव में जनता देने वाली है।

Exit mobile version