सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले प्रियंका गांधी के मिशन यूपी को झटका लगा है। पूर्व विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने कांग्रेस छोड़ने की बात कही है।
वह समाजवादी पार्टी में जाने की तैयारी में हैं। इमरान मसूद ने खुद यह बात कही है कि यूपी में यदि बीजेपी को हराना है तो समाजवादी पार्टी के साथ ही आना होगा। सपा ही यूपी में भाजपा का मुकाबला कर सकती है।
इमरान मसूद ने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं से इसको लेकर वार्ता कर रहे हैं। बातचीत होते ही समाजवादी पार्टी में शामिल होने का फैसला ले लिया जाएगा। इमरान मसूद ने कहा कि वह कल कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे। उसके बाद समाजवादी ज्वाइन करेंगे। इमरान मसूद ने यह भी कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी को मात देनी है तो उसके लिए समाजवादी पार्टी ही एक विकल्प है, जो भारतीय जनता पार्टी को टक्कर दे सकती है।
इमरान मसूद यूपी में कांग्रेस के लिए बड़ा मुस्लिम चेहरा थे। वह पश्चिमी यूपी में मुस्लिम वोटरों पर प्रभाव रखते हैं। हाल ही में उनकी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी। हालांकि उन्हें राहुल गांधी का भी करीबी नेता बताया जाता है, लेकिन अखिलेश से उनकी मुलाकात के बाद उनके कांग्रेस छोड़ने की अटकलें लगने लगी थीं। इस पर खुद इमरान मसूद ने तस्वीर साफ कर दी है।
CM योगी ने गुरुद्वारा में टेका मत्था, बोले- सिख गुरुओं के बलिदान को भुला नहीं सकते
इमरान मसूस पश्चिम की राजनीति में कट्टर खयालातों वाले नेता माने जाते हैं। कई बार वह अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहे। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में ‘मोदी के बोटी बोटी काट लेने वाले’ उनके विवादित बयान पर बड़ा हंगामा हुआ था। इसके बाद सुर्खियों में रहे।