Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

इस जिले में बनेंगे पिंक बूथ के साथ-साथ पर्दानशी बूथ

रामपुर। उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिये हर संभव उपाय करते हुये महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत आयोग ने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा संचालित पिंक बूथ के अलावा पर्दानशी बूथ भी बनाने की अनूठी पहल की है।

प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद रामपुर में चुनावी तैयारियों की जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार जिले में 30 पिंक और 62 पर्दानशी बूथ बनाये जायेंगे। गौरतलब है कि जिले में दूसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए जिले में जहां बड़े पैमाने पर प्रबंध किए गए हैं, वहीं मतदान प्रक्रिया के दौरान महिलाओं का भी खास ख्याल रखा गया है।

इसके मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मानदड़ ने बताया कि जिले में 30 पिंक बूथ और 62 पर्दानशी बूथ भी बनाये जायेंगे। इन बूथ पर मतदानकर्मी सिर्फ महिलायें ही होंगी और पूरी मतदान प्रक्रिया महिलाओं के द्वारा ही पूर्ण की जायेगी।

इसके अलावा महिला मतदाताओं की अधिक संख्या वाले इलाकों को चिन्हित कर इनमें पर्दानशी बूथ बनाये जायेंगे। जिले में ऐसे 62 पर्दानशी बूथ चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद निर्वाचन प्रक्रिया में महिलाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करना है।

चार वन गांवों को मिला राजस्व ग्राम का दर्जा

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले में आगामी चुनाव में करीब 8 लाख महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। जिले में कुल 17 लाख 3 हजार 367 मतदाता है। इनमें नौ लाख पांच हजार 235 पुरुष मतदाता और सात लाख 97 हजार 938 महिला मतदाता हैं।

रामपुर जिले में पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। इनमें स्वार, चमरउवा, बिलासपुर, रामपुर और मिलक हैं। इनमें से रामपुर शहर सीट पर सर्वाधिक एक लाख 81 हज़ार 374 महिला मतदाता हैं।

Exit mobile version