Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री रहमान से मिले भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी

Indian High Commissioner Dinesh Trivedi met Bangladesh PM Rahman.

Indian High Commissioner Dinesh Trivedi met Bangladesh PM Rahman.

ढाका। भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से सोमवार को ढाका स्थित सचिवालय में पहली बार मुलाकात की। त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और बांग्लादेश की सरकार एवं जनता के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी ढंग से मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की।

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने फेसबुक पेज पर इस मुलाकात की अधिकारिक जानकारी साझा की। प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक यह बैठक बांग्लादेश के सचिवालय में हुई। मुलाकात के दौरान बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और प्रधानमंत्री रहमान के विदेश नीति सलाहकार हुमायूं कबीर भी मौजूद थे।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में उम्मीद जताई कि दोनों नेताओं के बीच हुई करीब आधा घंटे की यह बातचीत दाेनाें देशाें के द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देगी और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। दोनों देशों के बीच संवाद, आपसी सम्मान और सहयोग से रिश्तों को सकारात्मक दिशा में आगे ले जाने की उम्मीद है।

त्रिवेदी ने एक दिन पहले रविवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्री रहमान से भी मुलाकात की थी। दोनों देशों के बीच हाल के तनाव के बाद इन बैठकों को भारत-बांग्लादेश संबंधों को फिर से सकारात्मक दिशा में ले जाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब नई दिल्ली में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मीडिया से वर्चुअल बातचीत को लेकर दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बना हुआ है।

बांग्लादेश के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, दोनों देशों के संबंधों को आपसी सम्मान, गरिमा और पारस्परिक हितों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाने की जरूरत है। अधिकारी ने यह भी कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे की संवेदनाओं का पर्याप्त सम्मान करना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, यह बैठक पहले से निर्धारित थी। दिनेश त्रिवेदी ने 25 जून को राष्ट्रपति को अपना परिचय पत्र सौंपने के बाद बांग्लादेश में भारत के 16वें उच्चायुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था।

Exit mobile version