श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरा इंडिगो (IndiGo) विमान पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के खंभे से टकरा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
द कश्मीर टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की उड़ान 6E 225 (VT-NOG) को बे नंबर 6 पर पार्क कराया जा रहा था। इसी दौरान विमान VDGS के खंभे से टकरा गया। घटना सुबह करीब 9:02 बजे हुई।
अधिकारियों के अनुसार, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित नहीं हुआ और उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि घटना की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विमान पार्किंग के दौरान खंभे से कैसे टकराया। अधिकारियों ने फिलहाल हादसे की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
इससे एक दिन पहले भी इंडिगो की एक उड़ान को तकनीकी और मेडिकल आपात स्थिति के चलते डायवर्ट करना पड़ा था। दोहा से बेंगलुरु जा रही उड़ान 6E 1302 के एक क्रू मेंबर की तबीयत बिगड़ने के बाद विमान को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया था।
मस्कट में विमान उतरने के बाद संबंधित क्रू मेंबर को चिकित्सा सहायता दी गई। इसके बाद यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की गई।
