Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

बीच समंदर में जहाज में लगी आग, 280 यात्री थे सवार; खौफनाक मंजर देख उड़ जाएंगे होश

Ship caught fire

Ship caught fire

इंडोनेशिया के तट पर 280 लोगों से भरी एक जहाज (Ship) में आग लग गई, जिससे घबराए यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जहाज (Ship) पूरी तरह से आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा है और आसमान में काले धुएं का गुबार उठ रहा है। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और 18 लोगों के घायल होने की खबर है। दुर्घटना का शिकार हुई इस जहाज का नाम केएम बार्सिलोना वीए (KM Barcelona VA) है।

आग रविवार दोपहर स्थानीय समयानुसार लगभग 1.30 बजे लगी। वायरल वीडियो में घबराये हुए यात्रियों को देखा जा सकता है, जिनमें से कुछ अपने बच्चों के साथ आग से बचने के लिए समुद्र में छलांग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस भयावह फुटेज में यात्री चमकीले नारंगी रंग की लाइफ जैकेट पहनकर पानी में कूदते दिखाई दे रहे हैं और जहाज में आग तेजी से फैल रही है। KM Barcelona III, KM Venecian और KM Cantika Lestari 9F नामक तीन बड़े जहाजों को तुरंत मौके पर भेजा गया।

एक अन्य फुटेज में जहाज (Ship) के डेक पर भीड़ दिखाई दे रही है और कर्मचारी यात्रियों को नाव से कूदने से पहले लाइफ जैकेट बांधने में मदद करते दिखाई दे रहे हैं। आग की लपटों ने जहाज को अंदर से बाहर तक पूरी तरह जला दिया। नीले और सफेद रंग का यह जहाज जलकर काले मलबे में तब्दील हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 18 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, हालांकि कुछ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। नॉर्थ सुलावेसी रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के सेक्रेटरी जेरी हार्मनसिना ने स्थानीय न्यूज आउटलेट डेटिक को बताया कि आग तालिस द्वीप के पास लगी।

Exit mobile version