Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

रांची में छात्रों के आंदोलन के बीच बवाल, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकी गई

Neha Bora

Neha Bora

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब विधानसभा मार्च के दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा (Neha Bora) पर स्याही फेंक दी गई। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

छात्र पिछले करीब दो सप्ताह से भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। शुक्रवार को आंदोलन के 14वें दिन भी कई अभ्यर्थी भूख हड़ताल पर डटे रहे।

भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से की मुलाकात

नेहा बोरा ने विधानसभा मार्च से पहले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और उनके आंदोलन को समर्थन दिया। इसके बाद AISA की ओर से विधानसभा घेराव के लिए मार्च निकाला गया।

इसी दौरान उनके ऊपर स्याही फेंके जाने की घटना हुई। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि स्याही किसने फेंकी और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।

सदन तक पहुंचा भर्ती विवाद

JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर उठे विवाद की गूंज विधानसभा के भीतर भी सुनाई दी। विपक्ष के हंगामे के कारण प्रश्नकाल प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

सरकार से वार्ता की तैयारी

अभ्यर्थी न्याय मंच ने मुख्यमंत्री से बातचीत के लिए सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की घोषणा की है। मंच का कहना है कि सरकार के सामने छात्रों की सभी मांगें विस्तार से रखी जाएंगी।

उधर, लगातार भूख हड़ताल के कारण आंदोलनकारी छात्रों की सेहत भी चिंता का विषय बनती जा रही है। शुक्रवार को एक छात्र की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल भेजना पड़ा। अब यह देखना अहम होगा कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन और तेज होता है।

Exit mobile version