Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

दोबारा अंदर आने नहीं देंगे… राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO जितेंद्र मिश्रा मीडिया पर भड़के

Jitendra Mishra

Jitendra Mishra

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ नियुक्त किए गए भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (Jitendra Mishra) गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से सहज अंदाज में बातचीत की, लेकिन श्रीराम जन्मभूमि परिसर के दौरे के बाद उनका रुख बदला हुआ नजर आया।

श्रीराम लला के दर्शन के बाद जितेंद्र मिश्रा रामघाट स्थित ट्रस्ट की कार्यशाला के अकाउंट ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने नवनियुक्त महासचिव गोविंद गिरि समेत ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों और ट्रस्टियों से मुलाकात की। इस दौरान नए ट्रस्टी मदन मोहन पांडेय भी मौजूद रहे।

ट्रस्ट की पहली बैठक को उन्होंने परिचयात्मक बैठक बताया। जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि अभी वह कुछ दिनों तक ट्रस्ट के कामकाज और व्यवस्थाओं को समझेंगे। इसके बाद सीईओ के तौर पर अपनी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आगे की जिम्मेदारियां संभालेंगे।

उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद महत्वपूर्ण और पवित्र जिम्मेदारी मिली है। इसके लिए उन्होंने चयन समिति, ट्रस्ट के सदस्यों और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।

जितेंद्र मिश्रा के मुताबिक, अगले पांच-छह दिनों तक वह ट्रस्ट के कामकाज, अधिकारियों और व्यवस्थाओं को करीब से समझेंगे। इसके बाद वह औपचारिक रूप से सीईओ के तौर पर पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसी बीच ट्रस्ट कार्यालय के बाहर मीडिया के सवालों पर जितेंद्र मिश्रा नाराज नजर आए। वायरल वीडियो में वह पत्रकारों से कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह सभी के चेहरे पहचान रहे हैं और दोबारा अंदर आने नहीं देंगे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

इससे पहले अयोध्या एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से कहा था कि देश की सेवा के बाद अब रामभक्तों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए भावुक करने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा था कि पदभार ग्रहण करने के बाद वह मीडिया से विस्तार से बातचीत करेंगे।

अब अगले कुछ दिनों में ट्रस्ट के कामकाज को समझने के बाद जितेंद्र मिश्रा की कार्ययोजना क्या होगी और वह सीईओ के रूप में किन प्राथमिकताओं पर काम करेंगे, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Exit mobile version