लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Maurya) ने आज प्रयागराज प्रस्थान से पूर्व अपने सरकारी आवास से प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया। श्री मौर्य ने कहा कि आज प्रयागराज की पावन धरती पत्थर गिरजा घर से शाम 4 बजे भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वह स्वयं भी सहभागी बनेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा देश की आन, बान और शान के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। देश क्यों बटा, फिर न बंटे-अखंड भारत के लिए एकजुट हो कर कार्य करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक की भावनाओं में रचा-बसा है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज हमारा दायित्व है कि हम उनके त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
श्री मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला जन-अभियान बन चुका है, प्रदेशवासियों से आग्रह है कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा अवश्य फहराएं तथा परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। आजादी के अमृत भाव को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष तथा राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रयागराज सदैव से राष्ट्रभक्ति, आध्यात्मिक चेतना, संस्कृति और सामाजिक जागरण की भूमि रही है। ऐसी पावन धरती पर तिरंगा यात्रा का आयोजन अपने आप में गौरव का विषय है। युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों से विशेष रूप से अपील की कि वे तिरंगा यात्रा में सहभागी बनकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जन का उत्सव बनाएं और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करें। अपने घर एवं प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराएं और पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान में सहभागी बनें।