Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

विपक्ष के पास भाजपा को सत्ता से हटाने की ताकत नहीं: केशव मौर्य

Keshav Maurya

Keshav Maurya

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Maurya) ने कहा कि युवा, गरीब, किसान और महिलाएं पूरी मजबूती के साथ भाजपा के साथ हैं। राहुल गांधी के प्रयागराज आने या जाने से इन चारों वर्गों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को प्रयागराज प्रवास के दौरान शहीद चन्द्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि विपक्ष के पास भाजपा को सत्ता से हटाने की ताकत नहीं है। कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रयागराज की सभी 12 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर नई पीढ़ी को देश के विभाजन की पीड़ा से अवगत कराना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित प्रयागराज बनाने का संकल्प लेकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रवाद का ऐसा अभियान है जिसे देश विरोधी ताकतें कभी कमजोर नहीं कर सकतीं। भाजपा का लक्ष्य राष्ट्र को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

राहुल गांधी के प्रयागराज में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मीडिया के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में कहीं भी जाएं, इससे भाजपा के जनाधार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भी कई बार प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में आ चुके हैं लेकिन कांग्रेस यहां अपना राजनीतिक आधार नहीं बना सकी।

उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति करता है। भाजपा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी केवल रामभक्त होने का दिखावा करती है, जबकि उसका राम मंदिर और रामभक्तों से कोई वास्तविक सरोकार नहीं रहा।

उन्होंने पप्पू यादव के साधु वेश धारण करने के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे संत समाज और रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने राहुल गांधी से इस पर स्पष्ट रुख अपनाने की भी बात कही। प्रयागराज में छात्र आंदोलन के दौरान भाजपा नेताओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलन की आड़ में अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र अराजक नहीं होते, बल्कि उनकी आड़ में असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने चढ़ावा चोरी के मामले में एसआईटी के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष की साजिशों से कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसान और छात्र आंदोलनों की आड़ में देश को अस्थिर करने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Exit mobile version