Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

ईट राइट समिट में उप मुख्यमंत्री का संदेश—“जैसा खाओ अन्न, वैसा बने मन”, स्वस्थ भोजन अपनाएं

लखनऊ। राजधानी के होटल क्लार्क्स अवध में आयोजित ‘ईट राइट समिट’ में उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। यह शिखर सम्मेलन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (भारत सरकार) के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के ‘ईट राइट इंडिया’ आंदोलन के अंतर्गत आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए केवल सरकार के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक परिवार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। स्वयं सजग रहें और बच्चों को भी स्वस्थ खान-पान एवं जीवनशैली के प्रति जागरूक करें। उन्होंने समिट में बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाई और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि पद से संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “अच्छा स्वास्थ्य अस्पताल से शुरू नहीं होता; इसकी शुरुआत हमारे रसोईघर, हमारी थाली और हमारे रोज़मर्रा के विकल्पों से होती है।” उन्होंने प्रसिद्ध उक्ति “जैसा खाओ अन्न, वैसा बने मन” का स्मरण कराते हुए लोगों से अपने आहार में ‘श्री अन्न’ (मोटा अनाज) और संतुलित भोजन शामिल करने की अपील की। श्री मौर्य ने बच्चों में बढ़ते मोटापे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तैलिय एवं प्लास्टिक पैक भोज्य सामग्री, तथा चीनी और नमक के सीधे/अत्यधिक सेवन से बचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों को स्वयं सजग रहने तथा बच्चों को भी स्वस्थ खानपान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा)  विजय प्रताप सिंह, पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ. अनीता भटनागर जैन, पूर्व CEO (NSDC) श्री जयंत कृष्ण तथा पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ. अनीस अंसारी सहित अनेक प्रशासनिक व स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

समिट में दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं आयोजित हुईं—

1. “ईट राइट इंडिया: जागरूकता से मोटापे की रोकथाम की दिशा में कार्रवाई”

2. “प्रगति के लिए प्रोटीन: बेहतर पोषण की दिशा में एक सहयोगात्मक पहल”

इसके अतिरिक्त, प्रख्यात साहित्यकार  अबिद सुरती एवं पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह के संबोधनों ने स्वास्थ्य विमर्श में सांस्कृतिक दृष्टिकोण जोड़े। इस आयोजन ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर पोषण के लिए एक मजबूत बहु-क्षेत्रीय मंच प्रदान किया।

Exit mobile version