Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

स्नान कराते हुए टूट गई लड्डू गोपाल की बांह, रोते हुए पुजारी पहुंचा अस्पताल, और….

laddu gopal

स्नान कराते हुए टूट गई लड्डू गोपाल की बांह

आगरा में लड्डू गोपाल के भक्त लेखराज उनके बदन पर मरहम लगा रहे हैं। साथ ही उन्हें भोग के बाद सुला कर खुद पहरेदारी कर रहे हैं। उनका मानना है कि अगर 1-2 दिन में चोट ठीक नहीं हुई, तो बड़े डॉक्टरों से इलाज करवाएंगे। दरअसल, शुक्रवार को लड्डू गोपाल की प्रतिमा का हाथ टूटने पर जिला अस्पताल में प्लास्टर करवाया गया था।

आगरा के शाहगंज के खास पूरा क्षेत्र में पथवारी मंदिर है। यहां के पुजारी लेखराज ने शुक्रवार सुबह 5 बजे लड्डू गोपाल को स्नान कराया और पूजा पाठ की। लेकिन इसी दौरान मूर्ति गिरने से लड्डू गोपाल का हाथ टूट गया था। लड्डू गोपाल को अपने बेटे जैसा मानने वाले लेखराज ने तत्काल खपच्चियां बांध कर उनका प्राथमिक उपचार किया। फिर जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही उनका इलाज कराने पहुंच गए।

श्रीकृष्ण पुत्र भगवान निवासी आगरा के नाम से 1 रुपए का पर्चा बनवाया। इसके बाद खुद CMS अशोक कुमार अग्रवाल ने लड्डू गोपाल के हाथ पर प्लास्टर बांधा। फिर लेखराज उनको वापस ले आए।

शनिवार को लड्डू गोपाल और लेखराज की इस अनोखी भक्ति को देखने कई लोग पहुंचे। लेकिन लेखराज ने लड्डू गोपाल के विश्राम करने की बात कहकर उन्हें दर्शन से रोक दिया। उनकी बेटी ने बताया कि पिता जी को लग रहा था कि लड्डू गोपाल दर्द से परेशान हैं। रोने के कारण उनका चेहरा और शरीर सूज गया है। उन्होंने डयूरोलक्स मरहम मंगवा कर लड्डू गोपाल को लगाया था। वह कह रहे हैं की अब उनकी सूजन उतरी है। भोग लगाकर उन्हें विश्राम करा रहे हैं। अब शाम को जब वो उठेंगे, तभी किसी को मिलने देंगे।

पुजारी लेखराज ने बताया कि कल से तमाम लोग हालचाल लेने आ रहे हैं। मेरे गोपाल परेशान हो गए हैं। दो-तीन दिन बाद उनकी पट्टी उतरेगी। अगर उन्हें आराम नहीं मिला होगा, तो किसी बड़े डॉक्टर से उनका इलाज कराऊंगा।

Exit mobile version