लखनऊ। कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल (Shubham Jaiswal) समेत चार आरोपियों के खिलाफ कमिश्नेरट पुलिस की रिपोर्ट पर सोमवार को लुकआउट नोटिस जारी किया गया। वहीं, सोनभद्र पुलिस की ओर से एक आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया गया है। अब अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाह पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निगरानी की जाएगी। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस की रिपोर्ट पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की ओर से यह नोटिस जारी किया गया है। इसमें प्रह्लादघाट के कायस्थ टोला के मूल निवासी सरगना शुभम जायसवाल, खोजवां निवासी दिवेश जायसवाल, सिद्धमाता लेन गोलघर मैदागिन निवासी आकाश पाठक और सोनिया के काजीपुरा खुर्द निवासी अमित जायसवाल के खिलाफ नोटिस है।
कफ सिरप की तस्करी में शुभम (Shubham Jaiswal) के साथ मिलकर अन्य तीनों काम करते थे। बोगस फर्म बनवाने से लेकर उनके नाम पर माल मंगवाकर दूसरे जगहों पर खपाने, बांग्लादेश तक सिरप की तस्करी के सबूत मिले हैं। उधर, सोनभद्र पुलिस ने भी एक अन्य आरोपी भदोही के नई बाजार के चांदनी चौक निवासी निशांत कुमार गुप्ता उर्फ रवि गुप्ता के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कराया है। एसपी अभिषेक वर्मा के अनुसार शुभम जायसवाल और दिल्ली निवासी विशाल उपाध्याय के विरुद्ध पहले से लुकआउट नोटिस जारी कराया जा चुका है।
शैली ट्रेडर्स का मालिक भोला जायसवाल जौनपुर कोर्ट में पेश कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में आरोपी शुभम जायसवाल (Shubham Jaiswal) के पिता और शैली ट्रेडर्स के मालिक भोला प्रसाद जायसवाल को पुलिस ने सोमवार को जौनपुर कोर्ट में पेश किया। सीजेएम न्यायालय ने उसे 14 दिन के न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। भोला को दोपहर में ही सोनभद्र की पुलिस लेकर यहां आ गई थी। जौनपुर जिले की 12 फर्मों ने भोला प्रसाद जायसवाल की फर्म शैली ट्रेडर्स के माध्यम से करीब साढ़े 42 करोड़ रुपये के कोडीनयुक्त कफ सिरप का कारोबार किया है। औषधि विभाग की जांच में पता चला कि कफ सिरप यहां आई नहीं और उसकी बिक्री भी दिखा दी गई। इस गोरखधंधे में कई लोगों का नाम सामने आया।
औषधि निरीक्षक की तहरीर पर 21 नवंबर को जौनपुर कोतवाली में 12 फर्म संचालकों के साथ ही शैली ट्रेडर्स के मालिक भोला प्रसाद जायसवाल, उसके पुत्र शुभम जायसवाल (Shubham Jaiswal) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच एसआईटी भी कर रही है। आरोपी भोला को सोनभद्र पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से पकड़ा था। तब से वहीं जेल में बंद था। जौनपुर कोतवाली पुलिस का वांछित होने के कारण सोमवार को उसे यहां सीजेएम श्वेता यादव की कोर्ट में पेश किया गया। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। यहां की पुलिस अब सोनभद्र जाकर ही पूछताछ करेगी।
