Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

विवाहिता की गोली मारकर हत्या, ससुरालीजनों पर लगा आरोप

murder

murder

मथुरा। शहर कोतवाली क्षेत्र महोली रोड स्थित मानस नगर कॉलोनी में महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के सीने में गोली लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुला कर जांच कराई है। वहीं आगरा से यहां पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है।

शुक्रवार की तड़के महोली रोड की मानस नगर कॉलोनी में महिला चंचल (32) पत्नी दिनेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसकी सूचना पर विवाहिता के पिता राजन सिंह निवासी सिकंदरा (आगरा) मथुरा पहुंचे। ससुरालीजन घर का ताला लगाकर भाग गए। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया तो फर्श पर खून फैला हुआ था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं। मृतका के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।

पोस्टमार्टम गृह पर मृतका के पिता ने बताया कि बेटी का विवाह करीब 12 साल पहले हुआ था। मृतका के एक बेटी और बेटा भी हैं। पिछले छह माह से उनकी बेटी अपने पति और बच्चों के संग वृंदावन के आश्रम में रह रही थी। गुरुवार रात को बेटी की सास शीतल के कहने पर विवाहिता मानस नगर आई थी।

पड़ोसियों की मानें तो रात को आठ बजे एंबुलेंस आई थी। इसके बाद क्या हुआ फिर पता नहीं चला। सुबह पुलिस के आने पर पूरी जानकारी कॉलोनी में हो सकी है।

क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक तिवारी ने बताया कि महिला की उसी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, घटना के बाद से ही महिला के ससुराली जन फरार है। महिला के परिजनों द्वारा पति सहित ससुराल जनों पर आरोप लगाया है कि महिला के पति और उसके ससुराली जनों ने मिलकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर महिला की मौत किन कारणों से हुई है।

Exit mobile version