Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग, 16 से अधिक फायर टेंडर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Massive fire at a candle factory

Massive fire at a candle factory

मुरादाबाद: कोतवाली क्षेत्र स्थित सागर सराय कृष्णा कॉलोनी (ई-ब्लॉक) में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मयूर इंटरनेशनल नामक मोमबत्ती फैक्ट्री और गोदाम में अचानक भीषण आग (Massive fire at a candle factory) लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घनी आबादी वाले इलाके में आसपास के मकानों तक फैलने लगी। संकरी गलियों के कारण राहत एवं बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण रहा।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर आसपास के कई मकानों को तुरंत खाली कराया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद मंडल के अन्य जिलों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 16 से अधिक फायर टेंडर और फोम टेंडर की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि बेसमेंट में आग बुझाने का काम देर तक जारी रहा।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जिस परिसर में आग लगी, वहीं मकान, गोदाम और फैक्ट्री एक साथ संचालित हो रहे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। कुछ आसपास के मकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि घनी आबादी और संकरे रास्तों के बावजूद दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने में सफलता हासिल की। बेसमेंट में बची आग को पूरी तरह बुझाने का काम लगातार जारी है।

Exit mobile version