Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अब बिहार में अस्पताल में लगी भीषण आग, 4 की मौत

A massive fire broke out in Prasad Hospital

A massive fire broke out in Prasad Hospital

मुजफ्फरपुर। बिहार में मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत प्रसाद अस्पताल (Prasad Hospital) में गुरुवार तड़के 3 बजे आईसीयू में अचानक लगी आग से अबतक चार लोगों की मौत हो गई। 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। आईसीयू में मौजूद मरीजों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और अस्पताल के विभिन्न वार्डों में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। कई मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आसपास के सुरक्षित अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई । टीम अस्पताल पहुंची तो आईसीयू वार्ड धुएं से भरा हुआ था। बचाव अभियान के दौरान कई मरीजों को गंभीर स्थिति में बाहर निकाला गया।

अधिकारियों का कहना है कि राहत कार्य के दौरान 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया। कई मरीजों की हालत चिंताजनक है।

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन ने अस्पताल परिसर को घेरे में लेकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अग्निशमन अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची तो अस्पताल का अधिकांश स्टाफ वहां मौजूद नहीं था। इस तथ्य ने अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version