Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

स्क्रैप के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

मेरठ के लिसाड़ीगेट इलाके में बुधवार देर रात स्क्रैप के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से गोदाम का सारा सामान जलकर राख हो गया। गोदाम मालिक पार्षद ने साजिशन आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूरे मामले में जांच करने की बात कही है।

लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के सुहेल गार्डन निवासी साबरा नगर निगम के वार्ड 88 से पार्षद हैं। साबरा के पति तैय्यब मेवाती स्क्रैप व्यापारी हैं। सुहेल गार्डन में स्कैप का गोदाम बना रखा है। जहां कॉपर का वायर, प्लास्टिक व अन्य सामान स्टॉक कर रखा था।

बुधवार रात पार्षद का परिवार अपने घर पर था। रात में करीब पौने दो बजे गोदाम में आग लग गई। आसपास के लोगों ने देखा तो आग की लपटें उठने लगी। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। आग विकराल होती गई तो दमकल विभाग को सूचना दी।

साड़ी शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

गोदाम में भीषण आग की सूचना पर पुलिस लाइन से फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही की पड़ोस का एक मकान व गोदाम चपेट में नहीं आया। नहीं तो आग कई घरों को भी चपेट में ले सकती थी।

पार्षद पति तैय्यब मेवाती ने पुलिस से कहा की गोदाम में बिजली की लाइन नहीं है। आग साजिशन लगाई गई है। जिस पर पुलिस ने जांच की बात कही है। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट उत्तम सिंह राठौर का कहना है की पूरे मामले में जांच की जा रही है। अभी तक तहरीर नहीं आई है।

Exit mobile version