Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

ईशान आनंद को मिला बुआ का आशीर्वाद, मायावती ने बनाया नेशनल कोऑर्डिनेटर

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी की अहम बैठक हुई, जिसमें ईशान आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाए जाने का ऐलान किया गया। पार्टी में हालिया बदलावों के बीच ईशान की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है।

जिम्मेदारी की घोषणा से पहले ईशान आनंद ने बसपा सुप्रीमो मायावती के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मायावती ने हाल ही में ईशान को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देने की बात कही थी, जिसके बाद उनकी नई भूमिका को लेकर कयास लगाए जा रहे थे।

बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ सभी राज्यों के बसपा अध्यक्ष भी शामिल हुए। इस दौरान संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा हुई।

मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। विभिन्न राज्यों में संगठन से जुड़े कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली गई।

संगठन को लेकर आगे की रणनीति पर जोर

बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। राज्यों से मिली रिपोर्ट के आधार पर आगे की संगठनात्मक रणनीति तय करने की बात कही गई।

ईशान आनंद को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला।

Exit mobile version