Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अखिलेश का ‘पीडीए रथ’ सपा के लाल रंग का कम भगवा अधिक: मायावती

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में चलने वाले ‘पीडीए रथ’ को भगवा रंगने की पीछे आने वाले विधानसभा चुनाव में वोट पाने की नियत से किए जाने का आरोप लगाया है। ऐसा किए जाने पर मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है।

बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, यूपी में आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारी के लिए सपा प्रमुख का प्रचारित ‘पीडीए रथ’ सपा के अपने लाल रंग का कम और भाजपा के ‘भगवा’ रंग का अधिक है। ये सब वोट की खातिर गिरगिट की तरह लगातार रंग बदलना है या फिर मुसलमानों से सपा प्रमुख का वोट पाने का भरोसा उठ जाना है।

मायावती ने कहाकि वैसे भी यूपी के ख़ासकर मुस्लिम समाज को इस कड़वी हकीकत का पूरी तरह से अहसास है कि पिछले चुनावों में सपा को उनके द्वारा अधिकांश एकतरफा वोट देने के बावजूद भी यह पार्टी यूपी व केन्द्र की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सरकार बनाने से नहीं रोक पाती है। ऐसे में इस पार्टी को बार-बार वोट देकर अपना वोट ख़राब क्यों किया जाये। उनका मानना है कि इस मामले में अब वे अपरकास्ट में ख़ासकर ब्राह्मण समाज की तरह ही अपना रवैया काफी तेज़ी से बसपा के पक्ष में बदल रहे हैं।

मायावती ने पोस्ट में कहा कि बसपा प्रदेश में खासकर अपराध नियंत्रण व शान्ति-व्यवस्था के मामलों में क़ानून द्वारा क़ानून के राज के साथ ही व्यापक जनहित, जनकल्याण एवं विकास के मामलों में भी बेहतरीन आयरनलेडी राज यहाँ कई बार स्थापित करके दिखा चुकी है और जिसकी सर्वसमाज के हित व कल्याण में उत्तर प्रदेश को सख़्त जरूरत भी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि सपा को यह भी जनता को ज़रूर बता देना चाहिये कि अब इनके ’पीडीए’ की असली वास्तविकता क्या है? क्योंकि चुनावी स्वार्थ में अब तक इन्होंने कभी ’पीडी’ को ’पिछड़ा, दलित’ बताया तो कभी ’पीडी’ को ’पण्डित’ बताया है और कभी अपने आपको ’अम्बेडकरवादी’ दर्शाने के चक्कर में बसपा का ’नीला’ रंग वाला वस्त्र धारण कर तस्वीरें खिंचवाई है। लेकिन इसको जनता ने फौरन ही फेक अम्बेडकरवादी कहकर रिजेक्ट भी कर दिया है। इसके विपरीत बसपा सर्वसमाज के लिए ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त वाली अम्बेडकरवादी पार्टी है। सभी को रोटी-रोज़गार-युक्त आत्म-सम्मान व स्वाभिमान आदि का जीवन जीने की पक्षधर है। इसीलिये सर्वसमाज में बसपा का अपना सम्मान है।

Exit mobile version