Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मिल्खा सिंह की पत्नी का कोरोना से निधन, अंतिम संस्कार में नहीं हो पाए शामिल

milkha singh

milkha singh

महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का कोरोना से निधन हो गया। निर्मल मिल्खा 85 वर्ष की थीं। वह पंजाब सरकार में खेल निदेशक (महिला) और भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान थीं। पति मिल्खा सिंह अस्पताल में भर्ती होने के कारण उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।

निर्मल मिल्खा के निधन की जानकारी देते हुए उनके परिवार की ओर से कहा गया कि ‘हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि निर्मल मिल्खा सिंह का आज शाम 4 बजे कोविड के चलते निधन हो गया।’

परिवार ने कहा कि पंजाब सरकार में महिला खेल निदेशक और भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान रहीं निर्मल जी ने अंत तक कोरोना के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। वह मिल्खा परिवार की रीढ़ की हड्डी थीं।

बताया गया कि यह दुखद है कि ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह आज शाम हुए उनके दाह संस्कार में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वे अभी भी आईसीयू में हैं। परिवार ने लड़ाई के दौरान एकजुटता और प्रार्थना के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है, जिसने उन्हें बहादुरी से इसका सामना करने की ताकत दी।

निर्मल मिल्खा का जन्म 8 अक्टूबर 1938 को पाकिस्तान के शेखपुरा में हुआ था। वह तीन अलग-अलग मौकों पर पंजाब वॉलीबॉल टीम की कप्तान थीं। 1955 में वह भारत वॉलीबॉल टीम के हिस्से के रूप में श्रीलंका के दौरे पर भी गईं, यहीं पर उनकी मुलाकात मिल्खा सिंह से हुई थी। फिर दोनों ने 1962 में शादी कर ली। उनके परिवार में बेटा जीव मिल्खा और एक बेटी है। बेटी मोना मिल्खा सिंह न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन हॉस्पिटल सेंटर में डॉक्टर है।

आपको बता दें कि कोविड-19 का सामना कर रहे महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह का इलाज चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर अस्पताल में चल रहा है। हाल ही में PGI चंडीगढ़ ने मिल्खा सिंह की तस्वीर भी जारी की थी। फिलहाल मिल्खा सिंह आईसीयू में भर्ती हैं।

Exit mobile version