Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मिथुन चक्रवर्ती की हार्ट सर्जरी सफल, कोलकाता के अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती

Mithun Chakraborty

Mithun Chakraborty

बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) की तबीयत एक बार फिर बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के पीयरलेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हार्ट सर्जरी की गई। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक सर्जरी सफल रही है और फिलहाल अभिनेता डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

अस्पताल से सामने आई तस्वीरों में मिथुन चक्रवर्ती बेड पर आराम करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उनकी सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई।

पहले भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ चुके हैं मिथुन

यह पहला मौका नहीं है जब मिथुन चक्रवर्ती को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा हो। फरवरी 2024 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां जांच में ब्रेन स्ट्रोक की पुष्टि हुई थी। उस समय वह दो दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

उस घटना के बाद से अभिनेता की सेहत को लेकर उनके प्रशंसकों के बीच लगातार चिंता बनी हुई है। हर बार की तरह इस बार भी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की जा रही है।

76 की उम्र में भी फिल्मों में सक्रिय

76 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती आज भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। अपने लंबे करियर में वह तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और चार फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम कर चुके हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ष 2026 में उनकी कई फिल्में रिलीज की कतार में हैं। इनमें फौजी, लाहौर 1947, जेलर 2, फिरबो अबर और निर्देशक रतुल मुखर्जी की एक अनटाइटल्ड फिल्म शामिल है। हालांकि इनमें से किसी फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

फिलहाल अभिनेता का स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

Exit mobile version