Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

गोवर्धन पूजा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने की गिरिराज जी की परिक्रमा

Giriraj ji

Giriraj ji

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन पूजा (Govardhan Puja) के पावन अवसर पर बुधवार को देश के कोने कोने से आए पांच लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने दानघाटी मन्दिर में पूजन करने के बाद गिर्राज जी (Giriraj ji) की सप्तकोसी परिक्रमा की।

गोवर्धन में कैम्प कर रहे मथुरा देहात के पुलिस अधीक्षक त्रिगुण बिशेन ने 05 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों द्वारा गिर्राज जी (Giriraj ji) की परिक्रमा करने की पुष्टि की है। तीर्थयात्रियों का रैला जिस प्रकार से आता जा रहा है उससे यदि यह संख्या रात 12 बजे तक सात लाख पार कर जाए तो आश्चर्य नहीं होगा। उन्होंने बताया कि मथुरा गोवर्धन के बीच एकल मार्ग व्यवस्था करने से जहां आज यातायात निर्बाध रूप से चलता रहा वहीं दानघाटी मन्दिर, मुखारबिन्द मन्दिर, जतीपुरा और मुकुट मुखारबिन्द मन्दिर में सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किये जाने से जेबकटी, जंजीर खींचने एवं महिलाओं के साथ छेड़खानी करने की कोई घटना नहीं घटी।

उन्होंने बताया कि बस स्टैन्ड के पास सादा वर्दी में पुलिस लगाने से तीर्थयात्रियों काे निजी वाहन चालकों के शोषण से भी रोका जा सका है। आज सुबह से ही गोवर्धन का वातावरण भक्ति रस से भर गया था। बैंड की धुन और वाद्ययंत्रों की ध्वनि के मध्य लगभग 2 हजार विदेशी कृष्ण भक्तों ने गोवर्धन की पूजा करने के लिए शोभायात्रा निकाली।

अपने आध्यात्मिक गुरू माधव महाराज के सानिध्य में “गिरिराजधरण प्रभु तुम्हरी शरण, रख लाज हमारी गोवर्धन’’ और “मैं तो गोवर्धन को जाउं, मेरे बीर नाय माने मेरो मनुआ’’ जैसे भावपूर्ण गीतों के मध्य जहां एक ओर भक्त नृत्य कर रहे थे वहीं विदेशी महिलाएं और पुरुष सिर पर भोग की डलिया लिए शोभायात्रा के रूप में हरगोकुल मन्दिर जा रहे है।

आतंकियों ने शिया अनुयायियों पर बरसाई गोलियां, 15 लोगों की मौत

हरगोकुल मन्दिर पर वैदिक मंत्रों से गिर्राज जी का पंचामृत अभिषेक किया गया तथा ठाकुर जी को 56 भोग अर्पित किये गए। इसी प्रकार की शोभायात्रा आज दोपहर बाद गोवर्धनवासियों द्वारा कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर निकाली गई। इस शोभायात्रा में भी बैंड की धुन के मध्य गिर्राज जी की आराधना के गीतों के मध्य लोग नृत्य कर रहे थे।

आज सुबह से अपरान्ह दो बजे तक गोवर्धन के प्रमुख तीन मन्दिरों में अनवरत रूप से ठाकुर का पंचामृत अभिषेक किया गया। दानघाटी मन्दिर के सेवायत आचार्य पवन कौशिक ने बताया कि आज शाम मन्दिर आने वाले भक्तों में सकड़ी प्रसाद का भी वितरण किया गया।

गोवर्धन के तीन प्रमुख मन्दिरों में आज पुलिस ने सख्ती के साथ तीर्थयात्रियों से एकल मार्ग व्यवस्था यानी एक तरफ से जाना और दूसरी तरफ से आना सुनिश्चित किया। इसके अलावा मथुरा, वृन्दावन, गोकुल, नन्दगांव और बरसाना के मन्दिरों में भी गोवर्धन पूजा का विशेष आयोजन किया गया तथा ठाकुर जी को अन्नकूट का प्रसाद अर्पित किया गया। पूरे जिले में कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।

Exit mobile version