Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

महिला विरोधी भाजपा को प्रदेश की माताएं-बहनें सबक सिखाने के लिए तैयार : अखिलेश

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को समुचित प्रतिनिधित्व देने के लिये कटिबद्ध है।

श्री यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में विभिन्न संगठनों की सैकड़ो महिलाओं से राखी बंधवाने के बाद कहा कि सपा महिलाओं को समुचित प्रतिनिधित्व देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सड़क से सदन तक समाजवादी पार्टी ईमानदारी से उनके अधिकारों के पक्ष में हमेशा खड़ी रही है।

उन्होने कहा कि भाजपा मतदाताओं को भ्रमित करने की साजिश में लगी है। भाजपा ने जनहित में कोई काम नहीं किया। जनता को फिर धोखा देने की रणनीति बनाने में ही भाजपा संलिप्त है। विकास पर सरकार कोई चर्चा नहीं करती है। भाजपा का एजेण्डा विकास विरोधी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में अपहरण, बलात्कार और हत्याओं के कारण महिलाओं का जीना दूभर हो गया है। महिला हिंसा में उत्तर प्रदेश शीर्ष स्थान पर है। सरेराह बहन-बेटियों के साथ छेड़खानी होती है। रक्षाबंधन के दिन भी विचलित करने वाली दुष्कर्म की कई घटनाएं हुई। प्रतापगढ़ में किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शाहजहांपुर, रामपुर, बांदा से कई घटनाएं हुई। ‘मिशन शक्ति‘ तले महिलाएं रौंदी जा रही है। खुद मुख्यमंत्री के गोरखपुर जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। वहां हत्या, लूट, अपहरण की घटनाएं बढ़ी है। महिलाओं, बच्चियों का ऐसा अपमान कभी नहीं हुआ जैसा भाजपा राज में हो रहा है।

सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, मुठभेड़ में ढेर हुए लश्कर के दो आतंकी

उन्होने कहा कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए जिस वूमन पावर हेल्पलाइन 1090 की स्थापना समाजवादी सरकार में की गयी थी, यूपी की भाजपा सरकार ने उसे ध्वस्त कर दिया है। प्रदेश में आतंक का राज है। महिला सुरक्षा का दावा सिर्फ कागज़ों पर रह गया है। महिला विरोधी भाजपा को उत्तर प्रदेश की माताएं-बहनें सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। 22 में बाईसकिल के सत्ता में आने पर ही महिला स्वाभिमान तथा महिलाओं के मान सम्मान को तभी प्रतिष्ठा मिलेगी।

Exit mobile version