लखनऊ: बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीतापुर रोड पर सरैया मोड़ के पास चलती मारुति जेन कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर फंसे युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कार के भीतर ही उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई।
घटना के दौरान राहगीरों ने कार से उठती लपटें और युवक की चीखें सुनकर तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कुछ लोगों ने आग बुझाने और युवक को बाहर निकालने की कोशिश भी की, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
दमकल ने बुझाई आग, तब तक हो चुकी थी मौत
सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसमें फंसे युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
कार नंबर के आधार पर पहचान की कोशिश
पुलिस के अनुसार, कार का नंबर UP 32 CS 0626 है। इसी आधार पर वाहन के मालिक और मृत युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।
फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि कार में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
