Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जन्मदिन पर सपा कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव, उत्साह से लबरेज हुए कार्यकर्ता

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज जन्मदिन है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव अपने जन्मदिन के मौके पर लखनऊ में हैं। मुलायम सिंह यादव इस अवसर पर लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी के दफ्तर पहुंचे जहां नेताजी को अपने बीच पाकर सपा के कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हो उठे।

सपा कार्यालय पर बड़ी तादाद में जुटे समर्थकों ने सपा संरक्षक के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। पूरा सपा कार्यालय मुलायम सिंह यादव जिन्दाबाद के नारे से गूंज उठा। दरअसल, मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। खुद मुलायम सिंह यादव भी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे।

सपा कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव के साथ उनके पुत्र और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी थे। मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर सपा के साथ ही शिवपाल सिंह यादव की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपी) के कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिवपाल सिंह यादव खुद सैफई में हैं। शिवपाल ने मुलायम के जन्मदिन पर अपने गांव में दंगल का आयोजन कराया।

सीएम योगी ने मुलायम सिंह को जन्मदिन की दी बधाई, सुदीर्घ जीवन की कामना की

पीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव और शिवपाल सिंह यादव के पुत्र अंकुर यादव ने कहा कि नेताजी ने कुश्ती से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। नेताजी के जीवन मे दंगल का अलग महत्व है। उन्होंने गठबंधन के सवाल पर कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के बीच बात होगी। इसे लेकर हमारा बोलना उचित नहीं है।

अंकुर ने कहा कि एक होने की डिमांड पूरे उत्तर प्रदेश की है। प्रदेश की जनता गठबंधन चाहती है। प्रदेश के नौजवान, महिलाओं के साथ ही सभी चाहते हैं कि दोनों लोग एक मंच पर एक साथ हों। उन्होंने शिवपाल सिंह यादव की रथ यात्रा को जबरदस्त जनसमर्थन मिलने का दावा किया और कहा कि सपा और पीएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष साथ मिलकर और मजबूती से कार्य करेंगे।

Exit mobile version