Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

होली में डीजे पर डांस के विवाद में नगर निगम कर्मी की गोली मार कर हत्या

murder

murder

लखनऊ। कैसरबाग में गुरुवार देर रात में होलिका दहन के समय डीजे पर डांस करने के विवाद में नगर निगम के सुपरवाइजर पप्पू सोनकर (35) की गोली मार कर हत्या (Murder) कर दी गई। घटना के विरोध में परिवारीजनों और साथियों ने काफी हंगामा किया। किसी तरह पुलिस ने सबको समझाबुझा कर शांत कराया था। पप्पू की पत्नी ने रल्ली सोनकर पर गोली मारने का आरोप लगाते हुये मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लगा। उसके तीन साथियों को भी पुलिस ढूंढ़ रही है।

घसियारी मंडी में रहने वाले पप्पू सोनकर अपने साथियों के साथ गुरुवार देर रात होलिका दहन पर आयोजित कार्यक्रम में थे। होलिका दहन वाले स्थान पर खूब सजावट के साथ डीजे भी लगाया गया था। यहीं पर पप्पू अपने साथियों के साथ डांस कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डीजे बजाने को लेकर मोहल्ले में ही रहने वाले रल्ली सोनकर ने विरोध किया। डांस करने से भी मना किया। इस पर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई।

बहस बढ़ने पर गोली मार दी

दोनों के बीच बहस बढ़ने लगी तो अचानक रल्ली ने पप्पू को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही वहां भगदड़ मच गई। पप्पू खून से लथपथ नीचे गिर पड़ा था। अफरातफरी का फायदा उठा कर रल्ली वहां से भाग निकला। वहां मौजूद लोग पप्पू को अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी पश्चिम सोमेन वर्मा, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसीपी समेत कई पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे।

विरोध में हंगामा

घटना के विरोध में वहां पप्पू के रिश्तेदार व मोहल्ले के लोग हंगामा करने लगे। पुलिस के सामने इन लोगों ने नाराजगी जतायी और आरोपित को तुरन्त गिरफ्तार करने की मांग की। बवाल बढ़ता देख आस पास थानों की पुलिस भी बुला ली गई। इंस्पेक्टर कैसरबाग अजय नारायण सिंह ने बताया कि पप्पू की पत्नी रूमा की तहरीर पर रल्ली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों में पुराना लेन-देन का विवाद भी सामने आया है। इस विवाद को लेकर होलिका दहन के समय भी कहासुनी शुरू हुई है। दोनों बिन्दुओं पर जांच की जा रही है।

खुशियों का माहौल अचानक शोक में बदला

कैसरबाग की मशहूर होली में इस घटना से रंग में भंग पड़ गया। लाटूश रोड पर एक छोर से दूसरे छोर तक रंगबिरंगी सजावट की गई थी। सैकड़ों लोग डीजे की धुनों पर डांस कर रहे थे। इसी बीच पप्पू सोनकर को गोली मारे जाने की घटना से हड़कम्प मच गया। पुलिस ने डीजे बंद कराया। लोगों को हटवाकर सड़क खाली करायी गई। मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात करनी पड़ गई।

 

Exit mobile version