Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

एक माह से गायब युवक की हत्या कर खेत में दफनाया शव

murder

murder

एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव नगला पवल से एक माह पूर्व गायब हुए युवक की हत्या (Murder) कर शव खेत में दफनाया गया था। शुक्रवार को मक्का की निराई-गुड़ाई करते समय आ रही बदबू से जानकारी ग्रामीणों को हुई। सूचना पर गई पुलिस ने खेत की खुदाई करने के बाद शव बरामद किया है। हत्या का कारण कर्जा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम नगला पवल निवासी विजय कुमार का 25 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार दिल्ली में नौकरी करता था। वह कुछ दिन पहले ही गांव में आया था और 04 फरवरी 2022 की रात आठ बजे घर से गायब हो गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को न सिर्फ चिंता हुई बल्कि उसकी तलाश की गई। तीन दिन बाद घरवालों ने संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस का कहना था कि जल्द ही युवक को तलाश कर लिया जाएगा, लेकिन पुलिस ने लापरवाही की, उसका सुराग नहीं लगा सकी।

शुक्रवार को दिन के 11 बजे गांव के निवासी अधिवक्ता राकेश कुमार के मक्का के खेत में क्षेत्र के ग्राम खेरियाकलां निवासी महाराज सिंह के पुत्र निराई-गुड़ाई करने पहुंचे, चूंकि उस खेत को महाराज सिंह बटाई पर कर रहे हैं। इस दौरान इन लोगों को खेत से बदबू आ रही थी, आवारा कुत्ता घूम रहे थे। मक्का की निराई कर रहे लोगों ने वहां जाकर देखा तो कुत्तों द्वारा नोंच-नोंचकर क्षत—विच्छत किए मानव अंग दिखाई दिए। इस पर वह दंग रहे गए और ग्रामीणों को सूचना दी। खबर लगते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।

घटना की जानकारी कोतवाली प्रभारी जगदीश चन्द्र को दी गई। इस पर इंस्पेक्टर मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। शुक्रवार को दोपहर बाद शव को खेत से खुदवाकर बरामद किया गया। लाश की शिनाख्त नगला पवल निवासी विजय कुमार की पत्नी सामंदादेवी ने अपने पुत्र गौरव के रूप में की।बताया कि मृतक के चेहरा पर चोट के निशान है। संभवतः चेहरा कुचलकर हत्या की गई है। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को दफनाया गया था।

मृतक की मां एवं ग्रामीणों का कहना था कि गौरव पर कुछ लोगों का कर्जा था। गायब होने के दिन गांव में एक शादी कार्यक्रम था, कुछ लोग उसको वहीं से ले गए। शराब भी पिलाई और उसके बाद गौरव की हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Exit mobile version