Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

राष्ट्रीय पर्व औपचारिकता नहीं नागरिकों की सेवा के बारे में सोचे : संधू

मुख्य सचिव डॉ.एस.एस.संधु ने सचिवालय में ध्वजारोहण के मौके पर कहा कि राष्ट्रीय पर्व मात्र औपचारिकता के तौर पर ना देखकर देशसेवा अर्थात् अपने नागरिकों के जीवन को ऊंचा उठाने के बारे में सोचना चाहिए।

इस मौके पर मुख्य सचिव डॉ.एस.एस.संधु ने कहा कि देश के बलिदानियों ने जिस मकसद से आजादी के लिए असहनीय कष्ट सहे-संघर्ष किया हमें उस मकसद को नहीं भूलना चाहिए।शहीदों ने जिस भारत की परिकल्पना की थी हम उसको पूरा करने में कितने सफल हुए, हम कहां पहुंचे, आगे क्या कुछ करना है इस पर सभी लोग मंथन करें। देश का नागरिक संपूर्ण देश का प्रतिनिधित्व करता है।

उन्होंने उदाहरण दिया कि 1947 से पहले प्रत्येक भारतीय नागरिक के पास केवल दो विकल्प थे, पहला आसान रास्ता जिसमें कुछ लोग अंग्रेजों से मिल गये। लेकिन कुछ ऐसे फ्रीडम फाइटर थे जिन्होंने दूसरा कठिन रास्ता चुना जिनको अंग्रेजों और उनके समर्थक आतंकवादी कहते थे। मुख्य सचिव ने कहा कि उन लोगों को क्या पड़ी थी इतना दर्द सहने की, वे भी अन्य लोगों की तरह अंग्रेजों से मिल सकते थे। लेकिन उन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए सोचा। इनके जीवन से हम क्या सीख पाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सचिवालय शीर्ष कार्यालय होता है। जहां देश-प्रदेश की नीतियां बनती है यहां पर भी फाइल को डील करते समय दो तरह के विकल्प होते हैं। पहला आसान विकल्प-रूकावट डालने वाला। एक दूसरा विकल्प भी होता है कठिन विकल्प। जिसमें फाइल को डील करते समय थोड़ा चिन्तन मनन की जरूरत होती हैं। अच्छे काम के लिए नियम में बदलाव भी किया जा सकता है। देश में बहुत से अच्छे लोग भी हैं। जिनके चलते ये देश मजबूती से प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है।

2017 के बाद से प्रदेश में एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ : सीएम योगी

इस दौरान मुख्य सचिव ने कोरोना टीकाकरण के दौरान जिन सचिवालय कर्मियों द्वारा उत्कृष्ट सेवाएं दी थी उन कार्मिकों को सम्मानित भी किया। इनमें वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. विमलेश जोशी, चीफ फार्मासिस्ट एम.पी. रतूड़ी, एएन एम. वन्दना रावत, सुनीता सिंह व सुनीता चमोली, एम्बुलेंस चालक पिताम्बर चमोली, सहायक समीक्षा अधिकारी चारूचन्द्र गोस्वामी, कम्प्यूटर सहायक गुमन सिंह व अनूप सिंह नेगी, सुपरवाइजर रतन सिंह रावत, प्रवीण सिंह व भगवती प्रसाद, सफाई कर्मी राधे व अक्षम शामिल थे। इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव ने एथलीट व फिटनेस क्लब के उन सदस्यों को जिन्होंने 15 किमी दौड़ राष्ट्रीय ध्वज के साथ पूरी की थी उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

ध्वजारोहण के मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी,मनीषा पंवार,व आनन्द बर्धन, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु व एल.एल फेनई, सहित सभी सचिव, प्रभारी सचिव, उच्चस्थ-अधीनस्थ कार्मिक, अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version