Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

आगरा में यमुना किनारे निखरेगा प्राकृतिक सौंदर्य, योगी सरकार 3.46 करोड़ से बनाएगी भव्य ‘रिवर फ्रंट पार्क’

Natural beauty along the banks of the Yamuna in Agra will be enhanced.

Natural beauty along the banks of the Yamuna in Agra will be enhanced.

आगरा। योगी सरकार राज्य में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में अब ताजनगरी में यमुना नदी के किनारों को खूबसूरत, प्रदूषण मुक्त और उपयोगी बनाने की बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। आगरा के झलकारी बाई चौराहे से लेकर वेदांत मंदिर के पास यमुना किनारे (यमुना बैंक साइड) एक नए और भव्य पार्क का विकास किया जा रहा है। योगी सरकार की इस पहल से शहरवासियों और पर्यटकों को एक बेहतरीन और अत्याधुनिक ‘ग्रीन जोन’ की सौगात मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई 2026 को किया था।

अमृत 2.0 योजना के तहत 3.46 करोड़ का भारी-भरकम बजट-

यमुना किनारे की तस्वीर बदलने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ‘अमृत 2.0’ योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है, जिस पर 3.46 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस बड़ी धनराशि का उपयोग अविकसित और कचरायुक्त क्षेत्र को एक व्यवस्थित, हरे-भरे और आधुनिक सुविधाओं वाले पार्क में तब्दील करने के लिए किया जाएगा।

योजना के तहत यहां 1500 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा सुंदर पाथवे, 200 वर्ग मीटर में ओपन जिम, फाउंटेन, आकर्षक लाइटिंग और बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा छोटे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 300 वर्ग मीटर में 100- 150 लोगों की क्षमता वाला एक ‘ओपन-एयर एम्फीथिएटर’ भी बनेगा, जिसे लाल बलुआ पत्थर की सीटों के साथ डिजाइन किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए 200 वाहनों की कार पार्किंग और 1500 मीटर क्षेत्र में मजबूत फेंसिंग भी की जाएगी।

‘विज़ुअल कॉरिडोर’, फाइटोरेमेडिएशन से होगा कचरामुक्त-

योगी सरकार नदियों के संरक्षण (रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) पर विशेष जोर दे रही है। साइट पर मौजूद कचरे को हटाकर औपचारिक लैंडफिल में भेजा जाएगा और प्रदूषित क्षेत्र को ‘फाइटोरेमेडिएशन’ प्रजातियों से आच्छादित किया जाएगा। दृश्य को बेहतर बनाने के लिए ताजमहल की ओर ‘विज़ुअल कॉरिडोर’ खुले छोड़े गए हैं। पर्यावरण को शुद्ध करने के लिए कैसिया बाइफ्लोरा, बोगनवेलिया, नेरियम ओलियंडर, पाम और बेबी गोल्डन जैसी प्रजातियों का सघन पौधरोपण किया जाएगा। पास की कृषि भूमि पर सजावटी पौधे उगाए जाएंगे, जो इस परियोजना के रखरखाव में आर्थिक सहायता करेंगे।

योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अमृत 2.0 योजना के तहत यमुना किनारे इस भव्य पार्क का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। 3.46 करोड़ की लागत से बनने वाला यह पार्क शहरवासियों को मॉर्निंग वॉक, योग और बच्चों के खेलने के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और प्राकृतिक स्थान उपलब्ध कराएगा। हमारा फोकस यहां सघन पौधरोपण के जरिए पर्यावरण को संतुलित करने और रिवर फ्रंट को एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित करने पर है।

Exit mobile version