लाइफस्टाइल डेस्क। इस बार शारदीय नवरात्रों की शुरूआत 17 अक्तूबर से हो रही है। मां दुर्गा को समर्पित नवरात्रि के नौ दिनों में देवी मां को प्रसन्न करने के लिए भक्त पूजा-पाठ करते हैं। वहीं नौ दिन का व्रत भी रखते हैं। व्रत के दौरान सही खानपान जरूरी है। जिससे कि व्रत में कमजोरी ना आए। सेब की खीर सेहतमंद फलाहार है। साथ ही इसे देवी मां को भोग लगाने के लिए भी रख सकते हैं। तो चलिए जानें सेब की खीर बनाने की आसान सी रेसिपी।
सेब की खीर बनाने की सामग्री
तीन से चार अच्छे पके सेब, फुल क्रीम दूध एक लीटर, चीनी 100 ग्राम, पिसी इलायची एक छोटा चम्मच, ड्राई फ्रूट्स में काजू, किशमिश और बादाम के साथ ही अखरोट भी लिया जा सकता है।
सेब की खीर बनाने की विधि
- सेब की खीर बनाने के लिए आप सबसे पहले सेव को अच्छी तरह से धोकर कद्दूकस कर लें। अब एक गहराई वाला बर्तन लें और उसमें दूध डालकर आंच पर चढ़ा दें। आप दूध को तब तक उबलने दें जब तक वो गाढ़ा होकर आधा न हो जाए।
- जब दूध गाढ़ा हो जाए तो उसमें कद्दूकस किया हुआ सेब डाल दें। अब इस मिश्रण को चलाते हुए थोड़ी देर तक पकाएं। खीर जब गाढ़ा होने लगे तो इसमे चीनी मिला दें। साथ ही मेवों को बारीक काट कर मिला दें।
- जब ये खीर अच्छे से पक जाए और चीनी गल जाए तो आंच बंद कर पिसी इलायची मिला दें। बेहद आसानी से बन जाने वाली इस खीर का भोग देवी मां को प्रसाद के रूप में भी लगाया जा सकता है। वहीं व्रत में खाने के लिए ये बेहद स्वादिष्ट लगेगी।