Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मोरक्को में भूकंप से मची भीषण तबाही, करीब 300 लोग कालकवलित

Morocco earthquake

earthquake in Morocco

रबात। अफ्रीकी देश मोरक्को (Morocco) में शनिवार सुबह-सुबह आए तीव्रता 6.8 के भूकंप (Earthquake) ने भीषण तबाही मचाई है। जिसमें कई इमारतों के ढहने से 296 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद सामने आयी तबाही की तस्वीरें रोंगटे खड़े करने वाली हैं। फिलहाल भूकंप के बाद बचाव कार्य जारी है और मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोरक्को में आए इस विनाशकारी भूकंप का केंद्र मराकेश शहर से करीब 70 किलोमीटर दूर था। भूकंप के झटकों को  मराकेश से करीब 350 किलोमीटर दूर राजधानी रबात में भी महसूस किया गया। भारतीय समयानुसार मोरक्को में भूकंप के झटके सुबह के 3.41 बजे महसूस किए गए। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे 120 सालों में उत्तरी अफ्रीका में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप माना है।

यूएसजीएस (USGS) के मुताबिक, साल 1900 के बाद से इस इलाके के 500 किमी क्षेत्र में कोई भी एम6 लेवल या इससे बड़ा भूकंप नहीं आया है। यहां एम-5 लेवल के 9 भूकंप ही दर्ज किए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भूकंप की जुड़े रोंगटे खड़े करने वाली फोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इमारतों के ढहने के ज्यादातर घटनाएं पुराने मराकेश शहर में सामने आयीं हैं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रशासन मलबा हटाने में जुटा है।

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने मोरक्को के भूकंप में मारे गए लोगों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।’

Exit mobile version