Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

Nikay Chunav: कल आएगी भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची, बनाई ये रणनीति

BJP

BJP

लखनऊ। नगरीय निकाय चुनाव (Nikay Chunav) के लिए भाजपा (BJP) के प्रत्याशी चयन के लिए मंथन पूरा हो गया है। शनिवार को नगर पंचायत व नगर पालिका परिषद में सभासद व अध्यक्ष, नगर निगम में पार्षद और महापौर पद के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होगी। कुछ सीटों पर मौजूदा पालिका अध्यक्ष और महापौर को पुनः मौका दिया जा सकता है, वहीं अधिकांश जगह प्रत्याशी बदले जाएंगे।

भाजपा (BJP) के प्रत्याशी चयन के लिए शुक्रवार सुबह पांच बजे से प्रदेश मुख्यालय पर क्षेत्रवार बैठकों का दौर शुरू हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय समन्वयक के साथ संबंधित क्षेत्र की नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, नगर निगम के वार्ड पार्षद और महापौर प्रत्याशियों के पैनल पर चर्चा की।

पार्टी ने 17 नगर निगम में महापौर और 200 नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर सभी प्रमुख जातियों और समाजों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई है। महापौर, पालिका परिषद के अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सामान्य की सीटों पर पिछड़े वर्ग के प्रत्याशी भी उतारने पर मंथन हुआ।

उप्र के एक करोड़ नल से नहाया ट्विटर, हर घर जल योजना का बोलबाला

प्रदेश स्तर पर मंथन के बाद महापौर और जिला मुख्यालयों की नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों पर शुक्रवार रात मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी चर्चा की गई। बैठक में प्रत्याशी चयन के साथ चुनावी तैयारियों, चुनाव प्रचार, रैलियों और रोड शो की तैयारी पर भी बात हुई।

सूत्रों के मुताबिक महापौर का पैनल हरी झंडी के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व को भी भेजा जाएगा। भाजपा (BJP) के प्रत्याशियों की पहली सूची शनिवार शाम तक जारी होगी। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष, नगर निगम के पार्षद और कुछ नगर निगम के महापौर के प्रत्याशी भी घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version