Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मिस वर्ल्ड 2026 में निकिता पोरवाल का सफर खत्म, टॉप 40 तक पहुंचीं भारतीय सुंदरी

Nikita Porwal

Nikita Porwal

भारत की निकिता पोरवाल का मिस वर्ल्ड 2026 का सफर टॉप 40 तक पहुंचकर खत्म हो गया। वियतनाम में आयोजित ग्रैंड फिनाले में निकिता ने टॉप 40 में जगह बनाई, लेकिन वह टॉप 20 में पहुंचने से चूक गईं। फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 की विजेता निकिता ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर निकिता के सफर की जानकारी दी। संगठन ने बताया कि निकिता ने मिस वर्ल्ड के 73वें संस्करण में टॉप 40 तक पहुंचकर भारत के लिए लगातार पांच संस्करणों में प्लेसमेंट की परंपरा को आगे बढ़ाया।

संगठन ने निकिता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया के बड़े मंचों में से एक पर पूरे आत्मविश्वास, गरिमा और समर्पण के साथ भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनके मुताबिक, निकिता ने अपनी मौजूदगी से हर पल देश को गर्व महसूस कराया और उनका यह सफर याद रखा जाएगा।

आओ दाई पहनकर दिया वियतनाम की संस्कृति को सम्मान

टॉप 20 कंटेस्टेंट्स के नामों की घोषणा से पहले निकिता पारंपरिक वियतनामी पोशाक ‘आओ दाई’ पहनकर मंच पर पहुंचीं। इस ड्रेस के जरिए उन्होंने मेजबान देश वियतनाम की संस्कृति और विरासत के प्रति सम्मान जाहिर किया।

मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने निकिता के इस लुक को सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सम्मान और एकजुटता का खूबसूरत उदाहरण बताया।

फिनाले में फ्लोरल गाउन ने खींचा ध्यान

ग्रैंड फिनाले की रात निकिता ने डिजाइनर भावना राव का तैयार किया हुआ ब्लश पिंक फ्लोरल गाउन पहना। स्कल्प्टेड कॉर्सेट वाले इस गाउन पर बेहद बारीक फूलों की कढ़ाई और हाथ से किए गए एंबेलिशमेंट का काम किया गया था।

डिजाइनर के मुताबिक, आउटफिट को हजारों मोतियों और फ्लोरल डिटेलिंग से सजाया गया था। शीयर एंबेलिश्ड स्लीव्स, इटैलियन ट्यूल की लेयर्स और मरमेड स्ट्रक्चर ने उनके लुक को और आकर्षक बनाया।

गाउन का हल्का ब्लश पिंक रंग भारतीय नारी की खूबसूरती और नजाकत को दर्शाता था। वहीं, इसमें भारतीय हाथ की कढ़ाई, पारंपरिक शिल्प और बारीक कारीगरी की झलक भी देखने को मिली।

कौन हैं निकिता पोरवाल?

मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली निकिता पोरवाल ने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब जीता था। पेजेंट की दुनिया में आने से पहले वह टीवी एंकर के तौर पर काम कर चुकी हैं। इसके अलावा निकिता अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।

वह ‘चंबल पार’ नाम की ब्रिज भाषा की फिल्म में नजर आ चुकी हैं। फिल्म का ऑस्ट्रेलिया के अरालुएन सेंटर में नेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ ऑस्ट्रेलिया के दौरान प्रीमियर हुआ था और अब इसके भारत में रिलीज होने की तैयारी है।

इन देशों की कंटेस्टेंट्स ने बनाई टॉप 20 में जगह

मिस वर्ल्ड 2026 के टॉप 20 में मलेशिया, वियतनाम, ब्राजील, केन्या, दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन और अर्जेंटीना समेत कई देशों की प्रतिभागियों ने जगह बनाई। भारत की निकिता पोरवाल का सफर हालांकि टॉप 40 तक ही रहा।

टॉप 20 में जगह नहीं बना पाने के बावजूद निकिता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और लगातार पांच मिस वर्ल्ड संस्करणों में भारत की प्लेसमेंट की लय को कायम रखा।

Exit mobile version