Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

वृंदावन परिक्रमा मार्ग को बनाएं सुरक्षित, इस्तेमाल हों बारिश में न फिसलने वाले पत्थर: मुख्यमंत्री

Ninth board meeting of UP Braj Teerth Vikas Parishad under the chairmanship of CM Yogi

Ninth board meeting of UP Braj Teerth Vikas Parishad under the chairmanship of CM Yogi

मथुरा। गीता शोध संस्थान परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस- वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में गुरुवार देर शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की नौवीं बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक में ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, विरासत संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा का कार्य आगामी तीन वर्षों में तीन चरणों में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही मथुरा- वृंदावन रेल मार्ग पर सुगम यातायात के लिए सड़क मार्ग बनाने की योजना पर भी सहमति बन गई है।

बैठक में हार्टफुलनेस फाउंडेशन हैदराबाद द्वारा सीएसआर के तहत विकास कार्य कराने और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए 10 गोल्फ कार्ट दान देने पर चर्चा हुई। संस्कृति विभाग की ष्स्मारक मित्रष् योजना की तर्ज पर अब तीर्थ मित्र योजना संचालित की जाएगी। इसके तहत ब्रज की उच्च विरासत वाली 200 चिह्नित जीर्ण-शीर्ण धरोहर संरचनाओं और स्मारकों का व्यवस्थित संरक्षण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्राचीन पांडुलिपियों, ज्ञान और साहित्य को सहेजने के भी कड़े निर्देश दिए। साथ ही, वृंदावन में नए सिटी बस मार्ग पर केवल उन्हीं वाहनों के संचालन को मंजूरी दी, जो वहां के मार्गों के अनुकूल हों।

मल्टीलेवल पार्किंग और होल्डिंग एरिया का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मथुरा- वृंदावन में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जगह- जगह होल्डिंग एरिया बनाए जाएं। पीपीपी या रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर मल्टीलेवल पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए, जिसमें डॉरमेट्री, कैफे और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों। सीएम योगी ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने के साथ- साथ उनकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। पुराने कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समय से पूरा करें और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखें।

परिक्रमा मार्ग का सुदृढ़ीकरण और जल संरक्षण पर जोर

वृंदावन परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां ऐसे पत्थर और मिट्टी का प्रयोग किया जाए जो बारिश में न फिसलें और न ही पैरों में चुभें। मथुरा की पुरानी खारे पानी की समस्या के निदान के लिए उन्होंने जल संरक्षण को अहम बताया। सीएम ने भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक तालाबों के निर्माण और वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) पर बल दिया।

जन्माष्टमी के लिए सुरक्षा और स्वच्छता के कड़े निर्देश

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) पर कर्मचारियों की निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित हो। बारिश के मौसम को देखते हुए नियमित सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है। स्वच्छता पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएम ने शहर में दो शिफ्टों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को मजबूत करने और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि ब्रज में विकास और स्वच्छता का परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, एमएलसी योगेश नौहवार, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्यमंत्री सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव पर्यटन विभाग अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, प्रमुख सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग वी. हेकाली झिमोमी, प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन तथा नगर विकास पी. गुरूप्रसाद, परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन, पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त आगरा मंडल नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन जी, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चाैधरी भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, राष्ट्रीय लोक दल नेता प्रीतम सिंह उपस्थित रहे।

Exit mobile version