Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

‘युवा संवाद-2026’ में नितिन नवीन ने युवाओं से किया सीधा संवाद

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित ‘युवा संवाद-2026’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं के सवाल सुने और शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल मीडिया और विकसित भारत के लक्ष्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं के विचार और सुझाव बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि युवा साथी मुझे भी सुझाव दें। युवाओं के मन में जो भावनाएं होती हैं, वे बहुत सुलझी हुई होती हैं। वो सामने वाले को देखकर अपना राय नहीं बनाता। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। हमें युवाओं को अलग-अलग वर्गों में बांटने के बजाय उनकी क्षमता को समझना होगा।

भाजपा अध्यक्ष ने अपने साथ विद्यापीठ की मास कम्यूनिकेशन की गोल्ड मेडलिस्ट निशा सिंह को बैठा कर युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा अपनी विरासत पर गर्व करें तभी देश 2047 तक विकसित होगा। उन्होंने कहा कि ढाई लाख स्टार्टअप हैं जो आपका क्रिएशन है।

नितिन नवीन ने कहा कि देश में करीब ढाई लाख स्टार्टअप हैं और यह उपलब्धि युवाओं के प्रयासों का परिणाम है। भारत का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत एआई का बड़ा हब बनेगा। देश के मेडिकल सपोर्ट सिस्टम को मजबूत करने के साथ शिक्षा व्यवस्था को भी रोजगारपरक बनाया जाएगा, ताकि मैनपावर को स्किल पावर में बदला जा सके।

उन्होंने युवाओं से जीवन में संघर्ष से पीछे नहीं हटने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले फेक कंटेंट पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए।

इस दौरान विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने पूछा कि आजकल युवा कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल मीडिया में कॅरियर देख रहे हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल एंटरप्रेन्योर्स के लिए क्या सोच रही है। एक अन्य छात्रा ने सवाल किया कि 2047 में क्यों, 2026 तक ही भारत क्यों नहीं विकसित बना, क्या युवाओं के माइंडसेट में बदलाव नहीं आना चाहिए। इस पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि एआई में बड़े निवेश आए हैं। भारत जल्द ही एआई का हब बनेगा। जिस देश का इतिहास अच्छा नहीं होता, उसकी विरासत अच्छी नहीं होती। उत्तर प्रदेश बदल गया है। यहां विकास हो रहा है। पहले प्रदेश का नाम जब आता था तो माफिया और हत्या की बात होती थी। अब कहा जाता है कि एक्सप्रेस वे बन रहा है। डिफेंस कारिडोर बन रहा है जिसमें 40 फीसदी रोजगार प्रदेश के युवा साथियों को मिल रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि पहले की सरकारों में युवा अपनी एनर्जी का गलत दिशा में इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। देश में लीगल स्टडी को बढ़ावा दिया जा रहा है। विधि के कॉलेज खुल रहे हैं। आईटी हब हर राज्य और हर जिले में पहुंचे हैं।

Exit mobile version