नई दिल्ली: SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मंगलवार को संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च निकाला। विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई स्तर की बैरिकेडिंग कर सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया। NITI Aayog के पास मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। कुछ सांसदों ने बैरिकेड पार करने की कोशिश भी की।
प्रदर्शनकारी सांसद चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते रहे। समाजवादी पार्टी समेत कई दलों के सांसद भी मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सांसदों के बीच बैरिकेडिंग को लेकर तनाव की स्थिति बनी रही।
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
मार्च को देखते हुए संसद, निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई। दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात रहे। कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ और पुलिस ने लोगों को निर्धारित मार्गों से दूर रहने की अपील की।
विपक्ष SIR को लेकर सवाल उठा रहा है, जबकि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए प्रक्रिया को नियमों के तहत बताया है।

