Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पाक की अफगान बॉर्डर पर सर्जिकल स्ट्राइक, 25 आतंकियों को मारने का दावा

Pak claims to have carried out surgical strike on Afghan border

Pak claims to have carried out surgical strike on Afghan border

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की संघीय सरकार ने कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर हमले के बाद 28 और 29 जून की दरमियानी रात अफगान सीमा पर हवाई हमले (Surgical Strike) कर 25 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। सूचनामंत्री अताउल्लाह तरार ने इसकी पुष्टि की है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया एवं जनसंपर्क शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के रावलपिंडी मुख्यालय ने कहा कि यह कामयाबी खुफिया आधारित अभियान में मिली।

पाकिस्तान के समाचार चैनल जियो न्यूज और दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सूचनामंत्री तरार ने एक्स पर कहा कि सुरक्षा बलों ने इस अभियान में कुल 29 आतंकवादियों को मार गिराया है। यह हमले हाल ही में पाकिस्तान के अंदर खैबर पख्तूनख्वा और बलोचिस्तान में निर्दोष लोगों और कराची में पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) मुख्यालय के खिलाफ हुई आतंकवादी घटनाओं के बाद किए गए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने 28 जून को बाजौर जिले में चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इनमें जमात-उल-अहरार का कमांडर खान फरोश उर्फ जबाल शामिल है।

मंत्री तरार ने कहा कि सुरक्षा बलों का आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन गजब-लिल-हक जारी रहेगा। तरार के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 28 और 29 जून की रात सीमावर्ती इलाकों में मौजूद आतंकवादी कैंपों और ठिकानों पर सटीक हमले किए। अफगान सीमा पर पक्तिका और कुनार में तीन ठिकानों को नष्ट कर दिया गया। इस हवाई हमले में 25 आतंकवादी मारे गए। इन ठिकानों में मौजूद बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद को नष्ट कर दिया गया।

तरार ने दावा किया कि 2021 में अफगान तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आई है। अफगान तालिबान खैबर पख्तूनख्वा और बलोचिस्तान प्रांतों में अशांति के लिए जिम्मेदार है। दहशतगर्दों के सफाये के लिए पाकिस्तान ने ऑपरेशन गजब-लिल-हक शुरू किया है। आईएसपीआर ने बयान में दावा किया कि अफगान सीमा पर मारा गया कमांडर फरोश विदेशी नागरिक है।

Exit mobile version