Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पाकिस्तान का बड़ा कबूलनामा, पहली बार माना कराची में रहता है दाउद इब्राहिम

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद वित्तपोषण पर निगरानी रखने वाली संस्था ‘वित्तीय कार्रवाई कार्य बल’ (FATF) की सख्ती के आगे आखिरकार पाकिस्तान को झुकना पड़ा है। पाकिस्तान ने FATF की ‘ग्रे लिस्ट’ से बाहर आने की कोशिशों के तहत 88 प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों पर कड़े वित्तीय प्रतिबंध लगाये हैं।

लिस्ट में दाउद इब्राहिम का पता व्हाइट हाउस, कराची लिखा है

इस दौरान पाकिस्तान ने माना कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम उनके ही मुल्क कराची में रहता है। लिस्ट के मुताबिक दाउद इब्राहिम का पता व्हाइट हाउस, कराची लिखा गया है। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने दाऊद इब्राहिम का खाता सील करने के साथ साथ उस पर शिकंजा कसने का भी आदेश दिया है।

पाकिस्तान सरकार की तरफ से जारी की गई सूची में भारत के मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहीम, हाफिज सईद और मसूद अजहर समेत उनके आकाओं पर कड़े वित्तीय प्रतिबंध लगाये हैं। यह जानकारी शनिवार को दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार इन आतंकी संगठनों और उनके आकाओं की सभी संपत्तियों को जब्त करने और बैंक खातों को सील करने के आदेश पाकिस्तान की इमरान खान सरकार ने दिये हैं। पेरिस स्थित एफएटीएफ ने जून, 2018 में पाकिस्तान को ‘ग्रे लिस्ट’ में डाला था। इस्लामाबाद को 2019 के अंत तक कार्ययोजना लागू करने को कहा था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इस समय सीमा बढ़ा दी गई थी।

सरकार ने 18 अगस्त को दो अधिसूचनाएं जारी करते हुए 26/11 मुंबई हमले के साजिशकर्ता और जमात-उद-दावा के सरगना सईद, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख अजहर और अंडरवर्ल्ड डॉन इब्राहीम पर प्रतिबंधों की घोषणा की थी। इब्राहीम 1993 मुंबई बम विस्फोटों के बाद भारत के लिए सबसे वांछित आतंकवादी बन कर उभरा है।

पाकिस्तानी समाचार पत्र ‘द न्यूज’ की खबर के अनुसार पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में यूएनएससी द्वारा जारी नई सूची के अनुपालन में आतंकवादी समूहों के 88 आकाओं और सदस्यों पर प्रतिबंध लगाये हैं। अधिसूचनाओं में घोषित प्रतिबंध जमात-उद-दावा, जैश-ए-मोहम्मद, तालिबान, दाएश, हक्कानी समूह, अलकायदा और अन्य पर लगाये गये हैं।

इन सभी के बैंक खाते सील करने का आदेश

सरकार ने इन संगठनों और आकाओं की सभी चल और अचल संपत्तियों को जब्त करने।  साथ ही उनके बैंक खातों को सील करने के आदेश दिये हैं। खबर के अनुसार सईद, अजहर, मुल्ला फजलुल्ला (उर्फ मुल्ला रेडियो), जकीउर रहमान लखवी, मुहम्मद यह्या मुजाहिद, अब्दुल हकीम मुराद, नूर वली महसूद, उजबेकिस्तान लिबरेशन मूवमेंट के फजल रहीम शाह, तालिबान नेताओं जलालुद्दीन हक्कानी, खलील अहमद हक्कानी, यह्या हक्कानी, तथा इब्राहीम और उनके सहयोगी सूची में हैं।

Exit mobile version