Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

THDC टनल में मलबा-पानी आने से हड़कंप, CM धामी ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू के दिए निर्देश

THDC Tunnel Accident

THDC Tunnel Accident

चमोली। जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित THDC टनल (THDC Tunnel) में मलबा और पानी आने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM dhami) ने स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में CM

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके लिए आवश्यक संसाधनों को मौके पर लगाया जा रहा है और सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

प्रभावितों और परिजनों को हरसंभव मदद के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों के साथ प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी टीमों को पूरी तत्परता और सावधानी के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम तत्काल उठाए जाएंगे।

Exit mobile version