Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जापान के साथ साझेदारी से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगी नई गति : ब्रजेश पाठक

Brajesh Pathak

Brajesh Pathak

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश-जापान के बीच स्वास्थ्य सेवा एवं केयर इकोनॉमी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार व्यक्त किया।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जापान के साथ साझेदारी से उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई गति मिलेगी। यह साझेदारी उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई गति देने के साथ-साथ युवाओं के लिए कौशल, रोजगार और वैश्विक अवसरों के नए द्वार खोलने में भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को और सुदृढ़ करने, वृद्धजन देखभाल, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जापान के साथ साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के अनुभव, तकनीकी दक्षता और मानव संसाधन को जोड़कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक केयर सिस्टम और प्रशिक्षित हेल्थकेयर वर्कफोर्स का मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया जा सकता है। भारत-जापान की साझेदारी स्वास्थ्य, कौशल और सेवा के क्षेत्र में नए अवसरों की मजबूत नींव है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) अमित कुमार घोष, प्रमुख सचिव श्रम एवं रोजगार डॉ. एम०के० सुंदरम, प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता विकास हरिओम, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे, निदेशक, स्टेप फाउंडेशन मानसी कासलीवाल एवं जापान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Exit mobile version