Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जनता लड़ रही है भाजपा से चुनाव: अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा है कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता अपने आप भाजपा से चुनाव लड़ रही है।

गोरखपुर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ संयुक्त जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि यह पहला लोकसभा चुनाव है जब चुनाव के पहले चरण से ही जनता ने अपने हाथों में चुनाव की कमान सम्हाल ली है। जनता के सामने महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, अन्याय, अत्याचार के अलावा भूख, भय, नौकरी, रोजगार के साथ अपना हक और सम्मान के मुद्दे है। इन दिनों जो माहौल है उसमें पीडीए को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। चार जून को चुनाव परिणाम आएंगे तो भाजपा का उत्तर प्रदेश से पूरी तरह सफाया हो चुकेगा।

श्री यादव (Akhilesh Yadav) ने देवरिया से कांग्रेस इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह के लिए पथरदेवा में और सपा इंडिया गठबंधन की गोरखपुर लोकसभा से प्रत्याशी श्रीमती काजल निषाद के पक्ष में रामगढ़ ताल के निकट विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जो लोग 2014 में आए थे 2024 में उनकी विदाई तय है। जो लोग चार सौ पार का नारा दे रहे थे वे चार सौ हार रहे हैं। 140 करोड़ की जनता भाजपा को 140 सीटों पर ही निपटा देगी। भाजपा के प्रति हर तरफ आक्रोश है। लोग भाजपा के झूठे वादों पर भरोसा नहीं कर रहे है। भाजपा के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। उनसे धुआं निकल रहा है।

उन्होने (Akhilesh Yadav) कहा कि भाजपा ने लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। उनकी हर बात झूठी निकली। उनका हर वादा झूठा निकला। 10 साल की सरकार में भाजपा ने किसानों के लिए संकट पैदा किया है। जो आम लोगों को सुविधाएं मिल रही थी। वह भी नहीं मिल रही है। एक तरफ वे लोग है जो संविधान और लोकतंत्र को बचाना चाहते है और एक तरफ वो लोग है जो संविधान बदलना चाहते हैं।

श्री यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया है। उन्हें न तो अपने उत्पाद की सही कीमत मिली और नहीं उनकी आय दुगनी हुई। उल्टे सरकार ने बिजली महंगी कर दी। खाद की बोरी से 5-5 किलो करके 10 किलो खाद चोरी कर ली। डीएपी खाद लेने गए तो नैनो दे दी। इससे किसान की पैदावार चौपट हो गई और नैनो वाले उद्योगपति भारत छोड़ गये।

उन्होने (Akhilesh Yadav) कहा कि नौजवानों को दो करोड़ नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा की सरकारों ने 10 परीक्षा भर्ती के पेपर लीक करवा दिये जिससे कि नौकरी न देनी पड़े। नौकरी देते तो आरक्षण भी देना पड़ता। भाजपा ने अग्निवीर योजना लाकर सेना की नौकरी को आधी अधूरी नौकरी कर दी। जिसमें शहीद का दर्जा भी नहीं है। नौजवान सेना की भर्ती के जो सपने देखता था उसके सपनों को भाजपा ने तोड़ा है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना बंद करके पुरानी सेना भर्ती चालू की जाएगी।

श्री यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स का दुरूपयोग कर भाजपा ने पूंजीपतियों और उद्योगपतियों से चंदा वसूली की। कोरोना काल में जो वैक्सीन लगवाई उस कम्पनी से भारी चंदा वसूल लिया। जिन्होंने चंदा दिया उन्होंने जमकर मुनाफा कमाया। इलेक्टोरल बांड के जरिये कम्पनियों से जमकर चंदा वसूली की गई। कम्पनियों ने भाजपा सरकार को इलेक्टोरल बांड देकर जमकर मुनाफा कमाया जिससे हर चीज महंगी हो गयी। प्रदेश में निवेश के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन हुए पर न उद्योग लगे नहीं किसी नौजवान को रोजगार मिला। फौज में पक्की नौकरी की जगह चार साल की नौकरी कर दी। भाजपा कुछ भी कर सकती है।

श्री यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर हम राशन के साथ पैकेट में आटा और मोबाइल चलाने के लिए डाटा मुफ्त देंगे। प्रति व्यक्ति को 10 किलो राशन दिया जाएगा। अब मन की बात करने वाली सरकार नहीं संविधान से चलने वाली सरकार चलेगी।

Exit mobile version