Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जनता ने हमें समर्थन दिया और हमने उन्हें सुरक्षा दी : योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा जिन मूल्यों और आदर्शों को लेकर राजनीति में आई, लगातार उन्हीं का पालन किया। हमारे लिए व्यक्ति से बड़ा दल है और दल से बड़ा देश है। भाजपा कार्यकर्ताओं का एकमात्र लक्ष्य सत्ता प्राप्ति और शासन करना नहीं है। सेवा समर्पण का भाव ही इस पार्टी को सबसे अलग करता है।

श्री योगी ने शनिवार को भाजपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के भरपूर परिश्रम से ही हम देश और प्रदेश में जन कल्याण का शासन दे रहे हैं। वैश्विक महामारी के दौरान हमारा कोरोना प्रबंधन बेहतरीन रहा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमेरिका के मुकाबले में भारत का कोरोना प्रबंधन कहीं बेहतर रहा। जब हम 2017 में सरकार में आए तब प्रदेश के 75 में से मात्र 12 जिलों में मेडिकल कॉलेज थे और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव था। अगर तब कोरोना महामारी आ गई होती तो प्रदेश की क्या हालत होती। उत्तर प्रदेश ने कोरोना प्रबंधन का मॉडल सेट किया और इतने कम समय में जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएं।

कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन्होंने तंज किया कि इसके विपरीत देश में जब आपदा आती है तो एक पार्टी के लोग इटली भाग जाते हैं। यूपी ने जिन लोगों को प्रधानमंत्री के पद तक पहुंचाया, वे लोग यूपी से बाहर जाते हैं तो यूपी की बुराई करते हैं। देश से बाहर देश पर टिप्पणी करते हैं, देवी-देवताओं पर टिप्पणी करना, राम और कृष्ण को नकारना उनकी प्रवृत्ति का हिस्सा है।

प्रदेश में पिछली सरकार का गुंडाराज समाप्त करके कानून का राज स्थापित होने के सम्बन्ध में सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अब कोई माफिया किसी सरकारी या गरीब की जमीन पर कब्जा नहीं कर पा रहा है। प्रयागराज में 100 एकड़ भूमि हमारे सुपुर्द की गई है और गुंडे और अपराधी पस्त हो चुके हैं।.बीते साढ़े चार वर्षों में यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ है। जनता ने हमें समर्थन दिया और हमने उन्हें सुरक्षा दी। समाजवादी सरकार पर तीखी टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा एक वह भी समय था जब उत्तर प्रदेश बेहाल रहता था और सैफई में नाच-गाना होता रहता था।

CM योगी ने अधिक से अधिक श्रमिकों को श्रमिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश

श्री योगी ने कहा कि पहले हम देश के राज्यों में छठवीं अर्थव्यवस्था थे लेकिन हम छलांग लगाकर दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने हैं। मुख्यमंत्री ने कहा की “ मेरे सीएम बनने के बाद दीपावली आई तो मैंने अयोध्या में दीपावली कैसी होती है, इसके लिए टीम भेजी। अधिकारी बोले कि अयोध्या जाएंगे तो बदनामी हो सकती है। मैंने कहा अयोध्या के लिए हम बदनामी भी सहने को तैयार हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा “ अब अयोध्या की दीप दीपावली देश के लिए एक आयोजन बन गया है। 500 वर्षों से जमी बर्फ कैसे पिघल गई। वहां मंदिर की नींव ऐसी बन रही है कि 1000 वर्ष तक उनकी नींव नहीं हिलेगी । यही नहीं लोग व अधिकारी कहते थे कि राम मंदिर पर फैसला आएगा ऐसा हो जाएगा, वैसा हो जाएगा। मैंने कहा कि देखना एक मच्छर भी नहीं मरेगा, मैं सब संभाल लूंगा और जब राम जन्म भूमि का फैसला आया तो उस दिन प्रदेश में राम राज्य था ।”

श्री योगी ने कहा की हमें गर्व होना चाहिए कि अयोध्या, मथुरा, काशी व गंगा, यमुना और सरस्वती, त्रिवेणी का संगम, प्रयागराज उत्तर प्रदेश में है। हमें इन आस्था केन्द्रों पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। इनका संरक्षण व संवर्धन कर आने वाली पीढ़ियों की आस्था इनसे जुड़ी रहे, इसके लिए हमें मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने वैश्विक स्तर पर भारत को जो सम्मान दिलाया, वह अद्भुत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने वर्षों की समस्याएं सुलझा दी, वह भी एक उदाहरण है। श्री मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों के साथ संवाद स्थापित किया जो आजादी के बाद से अधूरा था।

Exit mobile version