Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पीपलकोटी टनल हादसा : एक और शव बरामद, दो श्रमिक लापता, टीएचडीसी देगी मुआवजा

THDC India Company

THDC India Company

चमोली/ऋषिकेश। उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टेल रेस टनल (टीआरटी) में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता तीन श्रमिकों में से एक का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या आठ हो गई है, जबकि दो श्रमिक अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए सघन खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त की शाम करीब सात बजकर पांच मिनट पर पीपलकोटी के मायापुर में टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टीआरटी में यह हादसा हुआ था। टनल के भीतर करीब 1.8 किलोमीटर की दूरी पर अचानक मलबा गिरने से 22 कर्मचारियों के फंसने की सूचना मिली थी।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बचाव अभियान के दौरान अब तक 19 कर्मचारियों को बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 12 घायल हैं, जबकि सात श्रमिकों की पहले ही मौत हो चुकी थी। लापता तीन श्रमिकों में से एक का शव बरामद होने के बाद अब दो श्रमिकों की तलाश की जा रही है। बरामद शव को मोर्चरी वाहन से जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है।

प्रशासन के अनुसार टनल में राहत एवं बचाव अभियान में स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, आईटीबीपी, जिला प्रशासन, टीएचडीसी तथा परियोजना कंपनी के कर्मचारी और मशीनरी जुटी हुई है। खोज और बचाव (एसएआर) खोज और बचाव (एसएआर) को भी सक्रिय किया गया है। टनल के भीतर मशीनों की सहायता से पानी की निकासी का काम लगातार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुक्त गढ़वाल, जिलाधिकारी चमोली और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से भी अभियान की लगातार समीक्षा की जा रही है। हादसे में घायल श्रमिकों का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर और एम्स ऋषिकेश में किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान उनकी बरामदगी तक जारी रहेगा।

इस बीच, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार प्रत्येक मृतक श्रमिक के निकटतम परिजन को पांच लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल श्रमिक को एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

टीएचडीसीआईएल प्रबंधन ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने कहा है कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन है। परियोजना की टेल रेस टनल में हादसे के बाद से ही विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

Exit mobile version