Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

PM ने लॉन्च किया जल जीवन मिशन ऐप, बोले- पानी बर्बाद करने से बचें लोग

नई दिल्ली। गांधी जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने जल जीवन मिशन के तहत पानी समितियों के साथ वर्चुअली संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांधी जी के जीवन से जुड़ी कई बातों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने शुक्रवार को ग्राम पंचायतों से संवाद के बाद जल जीवन मिशन के मोबाइल ऐप और राष्ट्रीय जल जीवन कोष को लॉन्च किया।

जल संरक्षण हमारी प्राथमिकता हो-पीएम

वहीं, पीएम मोदी ने कहा, जल संरक्षण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए हमें युद्ध स्तर पर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि पानी को हमें प्रसाद की तरह इस्तेमाल करना चाहिए। हमें पानी को लेकर आदतें बदलनी होंगी। पानी बर्बाद करने से लोग बचें। साथ ही किसान भी कम पानी वाली फसलों पर ज्यादा जोर दें।

विकेंद्रीकरण का बहुत बड़ा मूमेंट-पीएम

इस दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि, ये विकेंद्रीकरण का भी बहुत बड़ा मूमेंट है। ये गांव और महिलाओं द्वारा आगे बढ़ाया जाने वाला मिशन है। इसका मुख्य आधार, जनआंदोलन और जनभागीदारी है। मोदी ने कहा कि गांव की महिलाओं का सशक्तीकरण हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। लड़कियों के स्वास्थ्य पर हमारी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

जल समिति में महिलाओं की बढ़ेगी हिस्सेदारी

पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जल जीवन मिशन के मोबाइल ऐप को लॉन्च करते हुए कहा कि जल समिति में 50 फीसदी महिलाओं की हिस्सेदारी होगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय जल जीवन कोष के तहत ग्रामीण इलाकों में घरों, स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों पर जल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी और नल लगवाए जाएंगे। इस कोष में कोई भी व्यक्ति, संस्थान, कंपनी व एनजीओ दान कर सकता है।

विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि, जिन लोगों पर लंबे समय तक नीति-निर्धारण की जिम्मेदारी थी, उन्हें ये सवाल खुद से जरूर पूछना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कई फिल्मों, कहानियों और कविताओं में दिखाया जाता है कि कैसे गांव की महिलाओं और बच्चे पानी लेने के लिए मीलों दूर तक जाया करते थे।

Exit mobile version