Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है तो वो है…, भावनगर में बोले पीएम मोदी

PM Modi

PM Modi

भावनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज गुजरात के भावनगर में 34,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम भावनगर एयरपोर्ट से रोड शो करते हुए जवाहर ग्राउंड पहुंचे। यहां वे एक जनसभा को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम तो भावनगर में हो रहा है, लेकिन ये कार्यक्रम पूरे हिंदुस्तान का है। पूरे भारत में समुद्र से समृद्धि से जाने की ओर हमारी दिशा क्या है, उसके लिए आज इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का केंद्र भावनगर को चुना गया है। उन्होंने गुजरात और भावनगर के लोगों को बधाई दी।

100 दुखों की एक दवा, वो आत्मनिर्भर भारत

पीएम मोदी (PM Modi) ने जनसभा में कहा कि भारत आज विश्व बंधु की भावना से लगातार आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई दुश्मन नहीं है। सच में अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वो है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता, यह हमारा दुश्मन है। हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को हराना है। उन्होंने कहा कि चिप हो या फिर शिप दोनों ही भारत को बनाते हैं। उन्होंने कहा कि 100 दुखों की एक दवा, वो आत्मनिर्भर भारत है।

भारत में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है

पीएम (PM Modi) ने कहा कि भारत में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत के हर सामर्थ्य को नजरअंदाज किया, इसलिए आजादी के 6-7 दशकों बाद भी भारत वो सफलता हासिल नहीं कर पाया, जिसके हम हकदार थे। इसके दो बड़े कारण रहे- लंबे समय तक कांग्रेस सरकार ने देश को लाइसेंस कोटा राज में उलझाए रखा और दुनिया के बाजार से अलग-थलग रखा। कांग्रेस सरकार की नीतियों ने देश के नौजवानों का बहुत नुकसान किया।

इस साल बाजारों में आएगी रौनक- मोदी

पीएम (PM Modi) ने कहा कि आज मैं भावनगर ऐसे समय में आया हूं जब नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने वाला है। इस साल जीएसटी में कमी के साथ, बाजारों में और भी रौनक आने वाली है। इस उत्सवी माहौल के बीच, हम ‘समुद्र से समृद्धि’ का भव्य उत्सव भी मना रहे हैं।

आप लोगों की शुभकामनाएं मेरी संपत्ति- पीएम मोदी (PM Modi) 

पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती से हनुमान जयंती तक, देश भर में लाखों लोग सेवा पखवाड़ा मना रहे हैं। गुजरात में भी, इस दौरान कई पहल की गईं । रक्तदान शिविरों से लेकर बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान तक, जिनमें लाखों लोगों ने भाग लिया। समाज की सेवा के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को आप सबने अपने नरेन्द्र भाई को जो शुभकामनाएं भेजी हैं, देश और दुनिया से जो मुझे शुभकामनाएं मिली हैं। व्यक्तिगत तौर पर सबका धन्यवाद करना संभव नहीं है, लेकिन भारत के कोने-कोने से, विश्व भर से ये जो प्यार मिला है, आशीर्वाद मिले हैं। ये मेरी बहुत बड़ी संपत्ति है, ये मेरी बहुत बड़ी ताकत है। इसलिए मैं आज सार्वजनिक रूप से देश और दुनिया के सभी महानुभावों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

PM मोदी अहमदाबाद जिले के लोथल में नेशनल मरीन हेरिटेज कॉम्प्लेक्स (NMHC) का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात भावनगर पहुंच चुके हैं। उन्होंने भावनगर में एक रोड शो किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ मौजूद लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे। पीएम मोदी ने जनता का अभिवादन किया।

Exit mobile version